Cab Safety Measures: कैब में बैठने से पहले हो जाएं सावधान, मुंबई की इस घटना से सीख लें सुरक्षा के जरूरी उपाय
Uber Safety Tips India: मुंबई में कैब बुकिंग के दौरान एक महिला के साथ हुई घटना ने सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। कैब की डिटेल एप से मैच न होने पर ड्राइवर राइड कैंसिल कर भाग निकला। आइए जानते हैं इस घटना से सबक लेते हुए कैब में सफर के दौरान आपको कौन सी जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।
विस्तार
आजकल सफर के लिए उबर और ओला जैसी कैब सेवाएं हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई हैं। आमतौर पर इन्हें सुरक्षित माना जाता है लेकिन कई बार ऐसे अजीब मामले सामने आते हैं जो हमें याद दिलाते हैं कि सावधानी हटी, दुर्घटना घटी। हाल ही में मुंबई से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जो हर कैब यूजर के लिए एक बड़ा सबक है।
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई की एक महिला ने अंधेरी से बांद्रा जाने के लिए एप से कैब बुक की। जब कैब आई तो महिला ने देखा कि कार का नंबर और ड्राइवर की शक्ल, एप में दिख रही डिटेल से बिल्कुल अलग थी। जब महिला ने कार में बैठने से पहले ड्राइवर से इस बारे में सवाल किया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बजाय, उसने तुरंत राइड कैंसिल की और वहां से भाग निकला। सबसे बड़ी परेशानी यह हुई कि राइड कैंसिल होने के कारण, महिला के लिए एप पर उस ड्राइवर की शिकायत दर्ज करना बहुत मुश्किल हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
यह मामला तब सामने आया जब किसी ने लोगों को जागरूक करने के लिए इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके बाद कई और लोगों ने भी अपने ऐसे ही अनुभव बताए। यूजर्स का मानना है कि यह किसी दूसरे का अकाउंट इस्तेमाल करने (शेयर लॉग-इन) का मामला हो सकता है। एक यूजर ने बहुत काम की सलाह दी कि कैब बुक करते ही उसकी डिटेल का स्क्रीनशॉट जरूर ले लें ताकि राइड कैंसिल होने पर भी आपके पास शिकायत करने के लिए सबूत रहे।
कैब में बैठने से पहले जरूर करें ये 5 काम
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि हमारी थोड़ी सी सतर्कता हमें किसी भी बड़ी परेशानी से बचा सकती है। अगली बार कैब में बैठने से पहले इन बातों का ध्यान जरूर रखें:
- डिटेल मिलाएं: कार का नंबर, मॉडल और ड्राइवर की फोटो एप से जरूर मैच करें।
- ओटीपी या पिन का इस्तेमाल: उबर का 4-डिजिट पिन या ओला का ओटीपी ड्राइवर को बताने के बाद ही ट्रिप शुरू होने दें।
- लोकेशन शेयर करें: अपनी ट्रिप की लाइव लोकेशन अपने परिवार या दोस्तों को जरूर भेजें।
- चाइल्ड लॉक चेक करें: कार में बैठने से पहले देख लें कि दरवाजों का चाइल्ड लॉक बंद हो ताकि जरूरत पड़ने पर आप अंदर से गेट खोल सकें।
- आईडी चेक करने में हिचकिचाएं नहीं: अगर शक हो तो ड्राइवर से उसका आईडी कार्ड दिखाने को कहें।
सफर के दौरान और कैब का इंतजार करते समय रखें ये सावधानियां
कैब का सफर सुरक्षित बनाने के लिए आपको शुरुआत से ही सतर्क रहना चाहिए। हमेशा ध्यान रखें कि कैब बुक करने के लिए अपने ही मोबाइल और अकाउंट का इस्तेमाल करें। कैब का इंतजार करते समय किसी सुनसान जगह के बजाय रोशनी वाली और भीड़भाड़ वाली जगह चुनें। हो सके तो किसी दुकान या बिल्डिंग के अंदर सुरक्षित खड़े रहें। सफर शुरू होने के बाद भी पूरी तरह बेफिक्र न हों बल्कि एप में अपने रूट पर लगातार नजर बनाए रखें। अगर आपको लगे कि ड्राइवर कोई गलत या लंबा रास्ता ले रहा है तो तुरंत उससे सवाल करें। इन सब सावधानियों के बावजूद, अगर किसी भी पल आपको स्थिति थोड़ी भी संदिग्ध या खतरे वाली महसूस हो तो बिना देर किए 112 डायल कर तुरंत पुलिस की मदद लें।
कमेंट
कमेंट X