QJ Motor: यूरोप में लॉन्च हुई चीनी इनलाइन-फोर सुपरस्पोर्ट बाइक SRK 421 RR, इस जापानी बाइक को देगी चुनौती?
QJ Motor SRK 421 RR को कावासाकी निंजा ZX-4RR जैसी सुपरस्पोर्ट मोटरसाइकिलों के ज्यादा सस्ते विकल्प के तौर पर पेश किया गया है। जानें इसके पावर और फीचर्स।
विस्तार
चीनी मोटरसाइकिल निर्माता QJ Motor (क्यूजे मोटर) ने यूरोपीय बाजार के लिए एक नई सुपरस्पोर्ट मोटरसाइकिल पेश की है। इस बाइक का नाम QJ Motor SRK 421 RR (क्यूजे मोटर एसआरके 421 आरआर) है।
यह मॉडल मिडलवेट सुपरस्पोर्ट सेगमेंट में उतारा गया है। और इसे जापानी ब्रांड्स की लोकप्रिय बाइक्स, खासकर Kawasaki Ninja ZX-4RR (कावासाकी निंजा ZX-4RR), के किफायती विकल्प के रूप में पेश किया गया है।
QJ Motor SRK 421 RR की लॉन्च के साथ ही चीनी वाहन निर्माता कंपनी यूरोपीय बाजार में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहती है।
इस बाइक का डिजाइन कैसा है?
SRK 421 RR को आक्रामक और स्पोर्टी लुक के साथ डिजाइन किया गया है।
इसके फ्रंट में ड्यूल-LED हेडलाइट्स, बीच में एयर इनटेक और स्पोर्टी विंडस्क्रीन दी गई है।
फ्रंट काउल से आगे बढ़ते हुए साइड फेयरिंग्स का मल्टी-लेयर डिजाइन दिखाई देता है, जो स्कल्प्टेड फ्यूल टैंक से जुड़ता है।
पीछे की तरफ अपस्वेप्ट टेल सेक्शन और स्प्लिट-सीट सेटअप दिया गया है, जो इसे एक क्लासिक सुपरस्पोर्ट स्टाइल देता है।
इंजन और परफॉर्मेंस कैसा है?
इस मोटरसाइकिल का मुख्य आकर्षण इसका 421cc लिक्विड-कूल्ड इनलाइन-फोर इंजन है।
यह इंजन लगभग 78 bhp की पावर 14,000 rpm पर और 39 Nm का टॉर्क 13,000 rpm पर पैदा करता है।
इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
बाइक का फ्रेम स्टील और एल्यूमिनियम के मिश्रण से बना ट्रेलिस-स्टाइल कंपोजिट फ्रेम है, जो बेहतर मजबूती और हल्के वजन का संतुलन देता है।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग सिस्टम कैसा है?
SRK 421 RR में पूरी तरह एडजस्टेबल USD फ्रंट फोर्क्स दिए गए हैं। जबकि पीछे की तरफ मार्जोची का मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है।
ब्रेकिंग के लिए इसमें ब्रेम्बो के कंपोनेंट्स दिए गए हैं।
फ्रंट में ट्विन 300 मिमी डिस्क ब्रेक और चार-पिस्टन कैलिपर मिलते हैं, जबकि पीछे 240 मिमी डिस्क ब्रेक और दो-पिस्टन कैलिपर दिया गया है।
टेक्नोलॉजी और फीचर्स क्या हैं?
टेक्नोलॉजी के मामले में इस बाइक में TFT डिस्प्ले और सेलेक्टेबल राइडिंग मोड्स दिए गए हैं।
राइडर नॉर्मल और स्पोर्ट मोड के बीच स्विच कर सकते हैं। इन मोड्स के अनुसार थ्रॉटल रिस्पॉन्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और ABS सेटिंग बदल जाती है।
Sport मोड अधिक आक्रामक राइडिंग के लिए बनाया गया है, जिसमें रियर-व्हील स्लिप और हल्का व्हील-लिफ्ट संभव होता है।
वैकल्पिक एक्सेसरीज के तौर पर टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और फ्रंट-रियर कैमरा सिस्टम भी उपलब्ध है।
कितनी है कीमत?
यूरोपीय बाजार में, SRK 421 RR की कीमत GBP 5,299 (करीब 6.49 लाख रुपये) से शुरू होती है। जबकि इस क्षेत्र में कावासाकी निंजा ZX-4RR की कीमत GBP 8,799 है। इससे चीनी कंपनी की कीमत अपने जापानी प्रतिद्वंदी से लगभग GBP 3,500 कम हो जाती है।
क्या यह जापानी सुपरस्पोर्ट बाइक्स को चुनौती दे सकती है?
SRK 421 RR को ऐसे खरीदारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो इनलाइन-फोर इंजन वाली हाई-रेविंग सुपरस्पोर्ट बाइक चाहते हैं। लेकिन एक किफायती विकल्प की तलाश में हैं, जो जेब पर भारी न पड़े।
इस मॉडल के जरिए QJ Motor यूरोप में स्थापित जापानी सुपरस्पोर्ट बाइक्स को चुनौती देने की कोशिश कर रही है।
कमेंट
कमेंट X