भारत में Triumph Motorcycles (ट्रायम्फ मोटरसाइकिल्स) की 400cc बाइक रेंज के भविष्य को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। कुछ अधिकृत डीलरशिप के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार कंपनी की कई लोकप्रिय मोटरसाइकिलें जल्द ही बंद हो सकती हैं।
Triumph: इस कंपनी की 400cc बाइक लाइनअप में होने वाला है बड़ा बदलाव? डीलर्स का दावा- बंद हो सकती हैं ये बाइक्स
डीलर्स का कहना है कि ट्रायम्फ स्पीड 400, स्क्रैम्बलर 400 X और थ्रक्सटन 400 जल्द ही भारत में बंद हो सकती हैं क्योंकि मौजूदा शोरूम स्टॉक खत्म हो गया है। हालांकि ट्रायम्फ ने आधिकारिक रूप से इस कदम की पुष्टि नहीं की है। लेकिन डीलरशिप पर सीमित उपलब्धता से पता चलता है कि उत्पादन धीमा हो गया है या बंद हो गया है।
क्या इन मोटरसाइकिलों का उत्पादन कम हो गया है?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ डीलरों ने बताया कि इन मॉडलों का उत्पादन पहले ही धीमा हो चुका है या संभव है कि बंद भी कर दिया गया हो।
शोरूम में अब सीमित स्टॉक ही बचा हुआ बताया जा रहा है। कई डीलरशिप का दावा है कि उन्हें नई खेप मिलने की संभावना कम बताई गई है।
इससे संकेत मिलता है कि जो बाइक अभी शोरूम में उपलब्ध हैं, वही संभवतः अंतिम बैच हो सकते हैं।
Triumph की 400cc बाइक्स इतनी लोकप्रिय क्यों हुईं?
ट्रायम्फ की ये मोटरसाइकिलें Bajaj Auto (बजाज ऑटो) के साथ साझेदारी के तहत विकसित की गई थीं।
इन बाइकों ने लॉन्च के बाद जल्दी ही ध्यान आकर्षित किया, क्योंकि इनमें प्रीमियम डिजाइन और मजबूत परफॉर्मेंस अपेक्षाकृत किफायती कीमत पर उपलब्ध थी।
-
Speed 400 को रोडस्टर के रूप में पेश किया गया था
-
Scrambler 400 X हल्की ऑफ-रोड क्षमता के साथ आती है
-
Thruxton 400 को कैफे-रेसर स्टाइल में डिजाइन किया गया था
इन सभी मॉडलों में 398cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन और समान प्लेटफॉर्म इस्तेमाल किया गया है।
क्या टैक्स नियम इसके पीछे की वजह हो सकते हैं?
इस संभावित फैसले के पीछे भारत की टैक्स संरचना को भी एक कारण माना जा रहा है।
भारत में 350cc या उससे कम इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों पर कम जीएसटी लागू होता है। जिससे कंपनियों को इन्हें ज्यादा प्रतिस्पर्धी कीमत पर पेश करने में मदद मिलती है।
इसी वजह से माना जा रहा है कि Triumph और Bajaj मिलकर 350cc से कम इंजन क्षमता वाली नई मोटरसाइकिलों की रेंज तैयार कर रहे हैं। ताकि देश के सबसे बड़े मोटरसाइकिल सेगमेंट में मजबूत प्रतिस्पर्धा की जा सके।
क्या 400cc प्लेटफॉर्म पूरी तरह खत्म हो जाएगा?
हालांकि भारत में इन मॉडलों को हटाया जा सकता है, लेकिन 400cc प्लेटफॉर्म पूरी तरह समाप्त होने की संभावना कम मानी जा रही है।
ये मोटरसाइकिलें भारत में बनती हैं और कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात की जाती हैं। इसलिए संभव है कि इनका उत्पादन निर्यात के लिए जारी रहे।
कमेंट
कमेंट X