Car Sales: युवा क्यों नहीं खरीद रहे नई कार? दक्षिण कोरिया के आंकड़ों ने चौंकाया
इंडस्ट्री के डेटा से पता चला कि पिछले साल 20 और 30 साल की उम्र वाले साउथ कोरिया के लोगों द्वारा नई पैसेंजर कार खरीदने की दर एक दशक में सबसे कम स्तर पर आ गई है। जानें क्या है इसकी वजह?
विस्तार
दक्षिण कोरिया में युवाओं के बीच नई कार खरीदने का रुझान तेजी से घटा है। उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में 20 और 30 की उम्र के लोगों द्वारा नई पैसेंजर कार खरीद की दर पिछले 10 वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई।
20 की उम्र के युवाओं में नई कार खरीद कितनी घटी?
ऑटो इंडस्ट्री डेटा ट्रैकर कैरिसयू के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में 20 की उम्र के युवाओं ने कुल 61,962 नई कारें रजिस्टर कराईं। यह संख्या पिछले साल रजिस्टर्ड कुल नई कारों का सिर्फ 5.6 प्रतिशत है।
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, 2016 में यही हिस्सा 8.8 प्रतिशत था, जो अब घटकर 10 साल के निचले स्तर पर आ गया है।
30 की उम्र वालों की स्थिति कैसी रही?
30 की उम्र के उपभोक्ताओं ने 2025 में 2,09,749 नई कारें खरीदीं, जो कुल रजिस्ट्रेशन का 19 प्रतिशत है।
पिछले एक दशक में इस आयु वर्ग की हिस्सेदारी में 6.9 प्रतिशत अंक की गिरावट दर्ज की गई है, जो इसे भी 10 साल के निचले स्तर पर ले आई।
क्या बुज़ुर्ग आयु वर्ग में कार खरीद बढ़ी है?
हां। इसके उलट, बुजुर्ग आयु वर्गों में नई कार खरीद लगातार बढ़ रही है।
-
60 की उम्र के लोगों ने 2,04,294 नई कारें खरीदीं, जो कुल का 18.5 प्रतिशत है
-
70 की उम्र के उपभोक्ताओं ने 50,861 यूनिट्स रजिस्टर कराईं, यानी 4.6 प्रतिशत हिस्सेदारी
यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि कार बाजार में मांग का संतुलन उम्र के साथ बदल रहा है।
युवाओं में कार खरीद कम होने की वजह क्या है?
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि बढ़ती लागत और मोबाइल ऐप आधारित कार रेंटल व कार-शेयरिंग सेवाओं का विस्तार इस गिरावट की बड़ी वजह है।
किम पिल-सू, जो डेलीम यूनिवर्सिटी में ऑटोमोबाइल प्रोफेसर हैं, कहते हैं, "20 और 30 की उम्र के लोग अब कार के मालिक होने की जरूरत उतनी महसूस नहीं करते। क्योंकि ऑनलाइन-आधारित कार-शेयरिंग संस्कृति तेजी से फैल रही है।"
बुजुर्गों में कार खरीद क्यों बढ़ रही है?
किम पिल-सू के अनुसार, "60 और 70 की उम्र के ज्यादा लोग अब दोबारा नौकरी या कामकाज से जुड़ रहे हैं। और अपनी आवागमन जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन खरीद रहे हैं।"
ऑटो इंडस्ट्री में आगे क्या बड़ा कदम आने वाला है?
इसी बीच, ह्यूंदै मोटर समूह उत्तर जिओला प्रांत में रिक्लेम्ड लैंड पर मल्टी-ट्रिलियन-वॉन निवेश योजना का एलान करने की तैयारी में है।
इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, यह निवेश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), हाइड्रोजन और रोबोटिक्स जैसे भविष्य के क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा।
विशेषज्ञ मानते हैं कि ये आंकड़े सिर्फ बिक्री के उतार-चढ़ाव नहीं, बल्कि युवाओं की बदलती जीवनशैली और मोबिलिटी प्राथमिकताओं का संकेत हैं। जहां "कार का मालिक होना" जरूरी नहीं, बल्कि "कार तक आसान पहुंच" ज्यादा मायने रखती है।