Tesla: बिना ड्राइवर और स्टीयरिंग वाली टेस्ला 'Cybercab' का प्रोडक्शन शुरू, एलन मस्क ने शेयर किया वीडियो
Tesla Robotaxi Production: टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने आधिकारिक तौर पर एलान कर दिया है कि कंपनी की बिना ड्राइवर वाली 'साइबरकैब' (रोबोटैक्सी) का प्रोडक्शन गीगा टेक्सास में शुरू हो गया है। इस कार पर 2,500 यूनिट्स वाली सरकारी मैन्युफैक्चरिंग लिमिट लागू नहीं होगी, यानी टेस्ला इसे जितने चाहे उतने बड़े पैमाने पर बना सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इलेक्ट्रिक कारों की दुनिया में हलचल मचाने वाली दिग्गज कंपनी टेस्ला के फैंस के लिए एक बड़ी खबर है। कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने पुष्टि की है कि उनकी बहुचर्चित 'रोबोटैक्सी' यानी साइबरकैब का प्रोडक्शन टेक्सास की फैक्ट्री में आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। मस्क ने यह जानकारी शुक्रवार को कंपनी की पहली तिमाही की शानदार रिपोर्ट आने के बाद साझा की। हालांकि, प्रोडक्शन शुरू होने की खुशी के साथ एक चिंता भी जुड़ी है। इस कार को बिना ड्राइवर के चलाने वाली तकनीक को लेकर अभी भी कई बड़े सवाल और पेंच फंसे हुए हैं।
एलन मस्क ने शेयर किया वीडियो
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक प्रमोशनल वीडियो शेयर किया और कैप्शन में लिखा- "साइबरकैब का प्रोडक्शन शुरू हो गया है।" 38 सेकंड के इस वीडियो को ज्यादातर बिना ड्राइवर वाली इस साइबरकैब के अंदर से ही शूट किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि यह एडवांस कार फैक्ट्री से निकलकर आम सड़कों पर दौड़ रही है। इसके अलावा, मस्क ने एक और छोटी सी वीडियो क्लिप शेयर की। इसमें कई सुनहरे रंग की साइबरकैब एक साथ कतार में चलती हुई नजर आ रही हैं।
Cybercab has started production pic.twitter.com/MAeswanf96
— Elon Musk (@elonmusk) April 24, 2026
क्या है टेस्ला की Cybercab?
साइबरकैब एक पूरी तरह से सेल्फ-ड्राइविंग रोबोटैक्सी है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई स्टीयरिंग व्हील या पैडल नहीं दिया गया है, यानी यह पूरी तरह से तकनीक के भरोसे चलती है। इस कार को पहली बार 2024 के आखिर में दुनिया के सामने पेश किया गया था। उस वक्त एलन मस्क ने अनुमान लगाया था कि यह आम लोगों के लिए 2027 तक उपलब्ध हो जाएगी।
टेस्ला का शानदार प्रदर्शन
टेस्ला ने हाल ही में घोषणा की है कि वह इस साल अपनी बहुप्रतीक्षित साइबरकैब और कमर्शियल ट्रक 'टेस्ला सेमी' का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह खबर तब आई है जब कंपनी ने पहली तिमाही में उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 47.7 करोड़ डॉलर का शुद्ध मुनाफा कमाया है।
गौर करने वाली बात यह है कि टेस्ला ने पिछले साल जून में ही अमेरिका के ऑस्टिन में चुनिंदा यूजर्स के साथ अपनी रोबोटैक्सी सर्विस की टेस्टिंग शुरू कर दी थी। इसके बाद फरवरी में कंपनी ने अपनी 'गीगा टेक्सास' फैक्ट्री से एक महत्वपूर्ण तस्वीर साझा की थी।
इसमें कर्मचारी प्रोडक्शन लाइन से निकली पहली साइबरकैब के साथ अपनी सफलता का जश्न मनाते नजर आ रहे थे। इस नई शुरुआत के साथ टेस्ला ने ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में बिना ड्राइवर वाली कारों के भविष्य की तरफ एक बहुत बड़ा और निर्णायक कदम बढ़ा दिया है।
प्रोडक्शन की रफ्तार रहेगी थोड़ी धीमी
एलन मस्क ने पुष्टि की है कि साइबरकैब का प्रोडक्शन अब आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुका है, हालांकि उन्होंने साफ किया कि शुरुआत में इसकी गति थोड़ी धीमी रहेगी। मस्क के अनुसार, जब भी कोई पूरी तरह से नया प्रोडक्ट एक नई सप्लाई चेन के साथ बाजार में उतारा जाता है तो उसका शुरुआती सफर हमेशा एक 'S-curve' की तरह होता है। इसका मतलब है कि शुरुआत धीमी होगी, लेकिन बाद में तेज रफ्तार पकड़ेगी।
टेस्ला को उम्मीद है कि इस साल के अंत तक इसके प्रोडक्शन में जबरदस्त उछाल देखने को मिलेगा। गौरतलब है कि बिना स्टीयरिंग वाली पहली साइबरकैब यूनिट इसी साल फरवरी में ही रोल-आउट हो गई थी, लेकिन इसका नियमित प्रोडक्शन इसी महीने से शुरू किया गया है। फिलहाल, कंपनी इसके दो वेरिएंट्स पर काम कर रही है। इसमें एक बिना स्टीयरिंग वाला और दूसरा पारंपरिक स्टीयरिंग वाला मॉडल शामिल है।

कमेंट
कमेंट X