फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   A young man was pushed to his death on a moving train after failing to pay extortion money demanded

बिहार: चलती ट्रेन में फर्जी पुलिस बनकर वसूली करता था आरोपी, पैसे नहीं देने पर युवक को धक्का देकर की हत्या

Wed, 23 Sep 2026 05:43 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बक्सर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बक्सर Published by: शबाहत हुसैन Updated Wed, 23 Sep 2026 05:43 PM IST
सार

बक्सर में फर्जी पुलिस बनकर ट्रेनों में यात्रियों से वसूली करने वाले आरोपी को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी पर पैसे नहीं देने पर नितिन कुमार को चलती ट्रेन से धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। उसकी निशानदेही पर शव बरामद हुआ।

 

विज्ञापन
A young man was pushed to his death on a moving train after failing to pay extortion money demanded
सांकेतिक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बक्सर में चलती ट्रेन में खुद को पुलिसकर्मी बताकर यात्रियों से अवैध वसूली करने वाले एक शातिर अपराधी को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर उसने 21 वर्षीय युवक नितिन कुमार को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आरा-जगजीवन हॉल्ट के बीच रेलवे ट्रैक से नितिन का शव बरामद किया है।

विज्ञापन

मृतक की पहचान वैशाली जिले के महिसौर थाना क्षेत्र के चांद सराय निवासी मुकेश राय के 21 वर्षीय पुत्र नितिन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नितिन हैदराबाद में मजदूरी करता था। वह 19 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 07091 हैदराबाद-दानापुर स्पेशल से घर लौट रहा था। उसे दानापुर पहुंचना था, लेकिन बक्सर में वह आरोपियों के चंगुल में फंस गया।

विज्ञापन

सिगरेट पीने के आरोप में ट्रेन से उतारा
परिजनों के मुताबिक 20 सितंबर की रात करीब 10 बजे नितिन के मोबाइल से उन्हें फोन आया। बातचीत में नितिन ने बताया कि वह ट्रेन में सिगरेट पी रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उसे पकड़ लिया और ट्रेन से नीचे उतार लिया। उसने बताया कि वह बक्सर स्टेशन के आसपास है।

विज्ञापन
विज्ञापन

इसके बाद मोबाइल पर मौजूद लोगों ने नितिन के परिजनों से 10 हजार रुपये की मांग की। परिजनों ने सुबह पैसे भेजने की बात कही और नितिन के खाते में 5 हजार रुपये भेज दिए। इसके बावजूद आरोपियों ने फिर पैसे की मांग की। 21 सितंबर की सुबह नितिन के मोबाइल से दोबारा फोन कर 20 हजार रुपये मांगे गए। इस दौरान कई बार फोन आया, लेकिन नितिन से सीधे बात नहीं हो सकी।

परिजनों की सूचना पर शुरू हुई जांच
स्थिति संदिग्ध लगने पर परिजनों ने पंचायत के मुखिया के साथ बक्सर रेल थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मामले में कांड संख्या 206/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय के निर्देश पर दानापुर रेल पुलिस उपाधीक्षक कंचन राज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।

तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और छापेमारी शुरू की। लगातार प्रयास के बाद टीम ने बक्सर और बनारस के बीच मोहनसराय क्षेत्र से भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बारिसवन गांव निवासी रोहित तिवारी (25) को गिरफ्तार कर लिया।

पढ़ें: दो गोलियों की आवाज और खत्म हो गई दो जिंदगियां! सिपाही ने बहन को मारी गोली, फिर खुद की जान ली

पूछताछ में कबूला अपराध, ट्रैक से मिला शव
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर आरा-जगजीवन हॉल्ट के बीच रेलवे ट्रैक से एक शव बरामद किया गया। मृतक के पिता मुकेश राय ने शव की पहचान नितिन कुमार के रूप में की। पुलिस के मुताबिक पैसे नहीं मिलने पर आरोपी ने नितिन को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर लंबे समय से ट्रेनों में इस तरह की वारदात करता था।

दिव्यांग कोच में चढ़कर बनता था फर्जी पुलिसकर्मी
रेल पुलिस के अनुसार आरोपी पैसेंजर ट्रेनों के दिव्यांग कोच में चढ़कर खुद को पुलिस, आरपीएफ या एसटीएफ का जवान बताता था। इसके बाद वह यात्रियों, खासकर मजदूरों और युवाओं को निशाना बनाता था। धूम्रपान या टिकट जांच के नाम पर उनसे जुर्माने के तौर पर पैसे वसूलता था। विरोध करने पर मारपीट करने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक गंभीर मामलों में वह यात्रियों को चलती ट्रेन से धक्का देने जैसी वारदात भी करता था।

पहले से दर्ज हैं कई मामले
रेल पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें शाहपुर थाना क्षेत्र का चोरी का मामला, बक्सर रेल थाना का पूर्व मामला और दानापुर रेल थाना में 9 सितंबर 2026 को दर्ज मामला शामिल है। पुलिस अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। बताया गया कि आरोपी पूर्व में एक मामले में करीब 25 महीने जेल में रहा था। वह करीब दो महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से भूरा रंग का एक पर्स भी बरामद किया। पर्स में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, पीएनबी और एसबीआई के एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और वोटर आईडी समेत कई दस्तावेज मिले हैं। पर्स किसी कैलाश कुमार का बताया जा रहा है। पुलिस इन दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। आरोपी का आधार कार्ड भी बरामद हुआ है।

डीएसपी ने कहा
उपाधीक्षक जीआरपी पटना कंचन राज ने कहा कि एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। ट्रेन से युवक को धक्का देकर हत्या करने का अपराध उसने कबूल किया है। कई पुराने मामलों में भी वह फरार चल रहा था। मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed