बिहार: महंगाई का एक और झटका! अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, आज से नई कीमतें लागू
महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से छह रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू हो गई हैं।
विस्तार
बिहार में एक बार फिर दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। त्योहारों के बाद अब आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू हो गई हैं। इसके बाद अब लोगों को रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले दूध के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
अमूल ने अपने अलग-अलग दूध उत्पादों की कीमतों में दो से छह रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। अमूल का फुल क्रीम भैंस का दूध अब 80 रुपये की जगह 86 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, अमूल गोल्ड की कीमत में चार रुपये और अमूल ताजा की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। दूसरी ओर, मदर डेयरी ने भी अपने विभिन्न वेरिएंट के दाम दो से चार रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं।
कंपनियों के अनुसार, पशुओं के चारे, खली, मक्का, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन खर्च में लगातार वृद्धि के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का असर भी दूध उत्पादन की लागत पर पड़ा है।
ये भी पढ़ें- बिहार: बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता को छत से फेंका, केस वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप; पड़ोसी गिरफ्तार
कंपनियों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी से दुग्ध उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। अमूल के सहकारी मॉडल के तहत बिक्री से प्राप्त राशि का बड़ा हिस्सा किसानों तक पहुंचाया जाता है। ऐसे में दूध की नई कीमतों का असर जहां आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा, वहीं किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।