बिहार: मोतिहारी कोर्ट परिसर से हथकड़ी सरकाकर फरार हुआ कैदी, पुलिस महकमे में हड़कंप
मोतिहारी व्यवहार न्यायालय में पेशी के बाद कैदी हरीशंकर पासवान पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। सुगौली थाना कांड के आरोपित की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर सुरक्षा चूक की जांच की जा रही है।
विस्तार
मोतिहारी व्यवहार न्यायालय परिसर से पेशी के बाद एक कैदी पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। एडीजे-5 की अदालत में पेशी के बाद वापस लौटते समय कैदी ने परिसर में जमा भीड़ का फायदा उठाया और तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है और फरार कैदी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस टीम को गच्चा देकर भागा
न्यायालय सूत्रों के अनुसार, हवलदार निरंजन कुमार की ड्यूटी कैदी को एडीजे-5 की अदालत में सुरक्षित पेश करने के लिए लगाई गई थी। अदालत में नियमानुसार पेशी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिसकर्मी बुधवार को उसे वापस ले जा रहे थे। उसी समय न्यायालय परिसर में लोगों की काफी चहल-पहल और भीड़ थी। कैदी ने सतर्कता का अभाव और भीड़भाड़ देखते ही चालाकी से अपनी हथकड़ी खिसका ली। इसके बाद वह पुलिस टीम को गच्चा देकर तेजी से भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और परिसर के आसपास खोजबीन की, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर परिसर से बाहर निकलने में सफल रहा।
सुगौली थाना कांड से जुड़ा मामला
नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने पूरी स्थिति की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई। नगर थाना पुलिस की विशेष टीमें गठित कर फरार कैदी के सभी संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारी इस बात की भी गहनता से जांच कर रहे हैं कि कैदी इतनी आसानी से हथकड़ी सरकाने में किस प्रकार सफल हुआ और इस पूरी घटना में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के स्तर पर किस तरह की चूक हुई है। दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।