सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar to Get 5 Lakh Crore Investment CM Samrat Choudhary Highlights Mega Development Plans

Bihar: CM सम्राट का दावा; बिहार आएगा 5 लाख करोड़ का निवेश, एयरपोर्ट-रैपिड रेल और डिफेंस कॉरिडोर बदलेंगे तकदीर

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: प्रशांत तिवारी Updated Fri, 12 Jun 2026 06:10 PM IST
विज्ञापन
सार

Patna: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित भाजपा के मीडिया संवाद कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विकसित भारत-2047 में बिहार की अहम भूमिका का दावा किया।

Bihar to Get 5 Lakh Crore Investment CM Samrat Choudhary Highlights Mega Development Plans
मीडिया संवाद को संबोधित करते मुख्यमंत्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित '12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के' मीडिया संवाद कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत खाका पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत किया।



पत्रकारों के सवालों का बेबाकी से दिया जवाब
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकारों के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए सरकार की नीतियों और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी प्रश्नों का बेबाकी से जवाब दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


विकसित भारत-2047 में बिहार निभाएगा अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का जो सपना देखा है, उसमें बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि देश और बिहार दोनों समृद्धि एवं विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं और केंद्र तथा राज्य सरकार मिलकर इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही हैं।
विज्ञापन


'भाजपा ने जो कहा, वह करके दिखाया'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने संकल्पों को पूरा करने वाली पार्टी रही है। उन्होंने धारा 370 और 35-ए की समाप्ति तथा अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता और प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो वादा किया, उसे पूरा कर दिखाया।

'बिहार बनेगा निवेशकों की पहली पसंद'
मुख्यमंत्री ने बिहार में औद्योगिक विकास की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य अब निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। सीमेंट, बेवरेज और डेटा सेंटर जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने घोषणा की कि एनडीए सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने तक लगभग 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है। उद्योगों के लिए स्वीकृति प्रक्रिया को आसान बनाते हुए 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है, जिसके बाद आवश्यक अनुमतियाँ स्वतः प्रदान हो जाएँगी।

केंद्र की सहायता से मजबूत हुई बिहार की अर्थव्यवस्था
उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद बिहार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। वर्ष 2004-14 की तुलना में पिछले 12 वर्षों में बिहार को केंद्र सरकार से टैक्स और केंद्रीय सहायता के रूप में चार गुना से अधिक राशि प्राप्त हुई है। राज्य का बजट बढ़कर 3.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के लिए लिया गया ऋण पूरी तरह योजनाबद्ध है और उसका नियमित भुगतान भी किया जा रहा है।

एयरपोर्ट और रैपिड रेल से बदलेगी विकास की रफ्तार
बुनियादी ढाँचे के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क, बिजली, रेल और हवाई संपर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट के बाद कई नए एयरपोर्ट, एयरस्ट्रिप और हेलीपैड परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। राजगीर, गया और मुजफ्फरपुर को जोड़ने वाली रैपिड रेल परियोजना पर भी गंभीरता से काम किया जा रहा है।

ऊर्जा क्षेत्र में सौर क्रांति की तैयारी
ऊर्जा क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार देश में सबसे अधिक बिजली सब्सिडी देने वाले राज्यों में शामिल है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अगले दो वर्षों में 50 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सोलर पंप स्टोरेज परियोजनाओं में 13 हजार करोड़ रुपये का निवेश शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों के मामले में बिहार अन्य सभी राज्यों से आगे है।

महिलाओं और गरीबों के सशक्तिकरण को मिली नई ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं, गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। लखपति दीदी योजना, जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), उज्ज्वला, आवास, नल-जल और शौचालय जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि देश में एक करोड़ से अधिक महिलाएँ लखपति दीदी बन चुकी हैं, जिनमें लगभग 30 लाख महिलाएँ बिहार की हैं। जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है।

नक्सलवाद से विकास की ओर बढ़ता बिहार
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार आज नक्सलवाद से लगभग मुक्त हो चुका है और विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में दरभंगा एम्स, शिक्षा के क्षेत्र में कर्पूरी ठाकुर स्किल यूनिवर्सिटी तथा औद्योगिक क्षेत्र में डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाएँ बिहार के भविष्य को नई दिशा देंगी। उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर साफ कहा कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार द्वारा चलाए जा रहे सहयोग कार्यक्रम की भी चर्चा की।

मोदी-नीतीश नेतृत्व में नई ऊंचाइयां छुएगा बिहार
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल विश्वास, विकास, सुशासन और जनकल्याण का कालखंड रहा है। आज भारत विश्व की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें; मानव विकास सूचकांक में कहां रहा बिहार? 20 साल में राष्ट्रीय औसत के हिसाब से राज्य की स्थिति देखें

मीडिया को बताया विकास यात्रा का अहम भागीदार
अंत में मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के विकास और जनकल्याण की यात्रा में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सरकार जनता के विश्वास को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed