बिहार: प्रदेश में बनेंगे दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, पटना-दरभंगा समेत कई हवाई अड्डों का होगा विस्तार
बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा प्लान तैयार किया है। 2030-31 तक सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा पटना, दरभंगा, पूर्णिया और गया एयरपोर्ट का विस्तार होगा, जबकि मुजफ्फरपुर समेत चार हवाई पट्टियों को भी विकसित किया जाएगा।
विस्तार
बिहार सरकार ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए वह प्रतिबद्ध है, ताकि देश में विमानन क्षेत्र के संभावित विस्तार का लाभ उठाया जा सके। राज्य सरकार 2030-31 तक सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे विकसित करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही मौजूदा हवाई अड्डों का विस्तार और केंद्र सरकार की उड़ान (UDAN) योजना के तहत कई छोटे हवाई पट्टियों का विकास किया जा रहा है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बिहार के नागरिक उड्डयन सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "देश की विमानन कंपनियों ने अगले पांच वर्षों में डिलीवरी के लिए लगभग 2,200-2,300 विमानों का ऑर्डर दिया है। विमानन क्षेत्र के संभावित विस्तार का लाभ उठाने के लिए बिहार को बुनियादी ढांचे के लिहाज से तैयार रहना होगा।" उन्होंने बताया कि प्रस्तावित ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों का निर्माण सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा। इनमें चार किलोमीटर लंबे रनवे और कैट-1 लाइटिंग तथा इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।
कुछ इस तरह की सुविधाएं विकसित करने की योजना है
अधिकारी ने कहा कि मौजूदा हवाई अड्डों में दरभंगा का बड़े पैमाने पर विस्तार किया जा रहा है। इसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है। राज्य सरकार ने रनवे को 2,800 मीटर से बढ़ाकर 3,700 मीटर करने के लिए करीब 90 एकड़ जमीन अधिग्रहित की है, ताकि बड़े विमानों का परिचालन संभव हो सके।
उन्होंने बताया कि लॉजिस्टिक्स और कार्गो हब विकसित करने के लिए अतिरिक्त 50 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इसके आसपास कोल्ड स्टोरेज, होटल, मॉल और फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2025 में करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बने पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया था। इसकी सालाना यात्री क्षमता एक करोड़ है। हालांकि, पिछले वर्ष यहां करीब 45 लाख यात्रियों ने यात्रा की और यात्री संख्या में लगभग 15 फीसदी सालाना वृद्धि हो रही है। देवरे ने कहा कि इस दर से 2030-31 तक टर्मिनल की क्षमता पूरी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि पटना हवाई अड्डे पर रनवे विस्तार के लिए पटना चिड़ियाघर के कुछ हिस्सों और सरकारी जमीन सहित अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। इस प्रस्ताव पर विभिन्न हितधारकों से चर्चा की जा रही है, क्योंकि चिड़ियाघर की जमीन के लिए वन्यजीव बोर्ड से मंजूरी की आवश्यकता होगी।
18.24 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया
पूर्णिया में करीब 294 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी सिविल एन्क्लेव विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सितंबर 2025 में परिचालन शुरू करने वाले इस हवाई अड्डे से वर्तमान में रोजाना करीब 10 उड़ानें संचालित हो रही हैं और अब तक चार लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है।
देवरे ने बताया कि पास में कार्गो कॉम्प्लेक्स और एयरो सिटी विकसित करने के लिए 567 एकड़ जमीन अधिग्रहण के एवज में 290 करोड़ रुपये के मुआवजे की प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। गया जी में कम दृश्यता के दौरान विमानों के परिचालन को सुगम बनाने के लिए कैट-1 लाइटिंग लगाने हेतु 18.24 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है। यह जमीन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को हस्तांतरित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, बीरपुर और सहरसा की चार हवाई पट्टियों का विकास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- बिहार: पहले गला दबाया, फिर पंखे से लटकाया शव? नवविवाहिता की मौत पर पिता ने उठाए सवाल; जांच रिपोर्ट का इंतजार
रक्सौल को भी प्रमुख हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया हाल ही में पूरी हुई है। सचिव ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने विमानन कंपनियों को बिहार में ईंधन भरने और उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) पर वैट 29 फीसदी से घटाकर चार फीसदी कर दिया है। इस कदम से ईंधन की खपत और भराई में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, हालांकि इससे सरकार को लगभग 20 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान है।
