बिहार: छठ घाट पर अर्घ्य देने गया था परिवार, पीछे से चोरों ने दो मंजिला मकान खंगाला; दो करोड़ के जेवरात ले उड़े
पटना के संपतचक स्थित चक बैरिया गांव में छठ पर अर्घ्य देने गए दो परिवारों के मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की। मुख्य गेट तोड़कर घुसे चोर करीब दो करोड़ के सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
विस्तार
लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। संपतचक के गोपालपुर थाना क्षेत्र के चक बैरिया गांव में सोमवार सुबह चोरों ने एक दो मंजिला मकान को निशाना बनाया। चोर घर से करीब दो करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के पुत्र अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह के मकान का मुख्य गेट तोड़कर चोर घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने एक-एक कमरे की तलाशी ली और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना के वक्त दोनों परिवारों के सभी सदस्य बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर भगवान भास्कर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने गए हुए थे। परिवार के सदस्यों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पढ़ें: चिराग पासवान ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं, यूपी चुनाव में एलजेपी की भूमिका को लेकर कही ये बात
बताया जाता है कि अरुण सिंह दैनिक जागरण, दुमका में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत हैं, जबकि धर्मेंद्र सिंह गया स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। छठ पूजा के अवसर पर दोनों परिवारों के घाट जाने के दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान हुई इस बड़ी चोरी से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है। करीब दो करोड़ रुपये के जेवरात चोरी होने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और चोरों की गिरफ्तारी का इंतजार किया जा रहा है।
