Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Darbhanga News ›   bihar chhath puja 2026 madhubani partapur ghat bhojpur koilwar son river

बिहार में छठ महापर्व संपन्न: मधुबनी में चचरी पुल से नदी पार कर पहुंचे व्रती, भोजपुर में सोन घाट पर उमड़ी भीड़

Mon, 16 Nov 2026 09:13 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Mon, 16 Nov 2026 09:13 AM IST
सार

बिहार में सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न हो गया। मधुबनी के कमला बलान नदी स्थित परतापुर घाट पर करीब चार से पांच हजार श्रद्धालु चचरी पुल पार कर पहुंचे। सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ, गोताखोर, पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।

विज्ञापन
bihar chhath puja 2026 madhubani partapur ghat bhojpur koilwar son river
बिहार में छठ महापर्व संपन्न - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। मधुबनी से लेकर भोजपुर तक छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। व्रतियों ने भगवान भास्कर और छठी मइया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। मधुबनी के कमला बलान नदी स्थित परतापुर घाट पर जहां व्रती चचरी पुल के सहारे नदी पार कर पहुंचे, वहीं भोजपुर के कोइलवर में सोन नदी के तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने अर्घ्य अर्पित किया।
विज्ञापन
Trending Videos

मधुबनी में चचरी पुल पार कर छठ घाट पहुंचे हजारों व्रती, सुरक्षा में SDRF तैनात

bihar chhath puja 2026 madhubani partapur ghat bhojpur koilwar son river
घाट पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में सुबह से ही भक्तिमय माहौल रहा। चारों ओर छठ गीतों की गूंज और पूजा की धूम देखने को मिली। नहाय-खाय और खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाली व्रतियों ने सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय पर्व का समापन किया। कमला बलान नदी के परतापुर घाट पर अर्घ्य देने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। यहां छठ व्रतियों को चचरी पुल के सहारे नदी पार करनी पड़ती है। इस रास्ते से गुजरने में खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। घाट पर एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों को तैनात किया गया था। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल और निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति की गई थी, ताकि किसी भी अनहोनी से निपटा जा सके।

कमला पूजा कमेटी के 51 सदस्य भी घाट पर लगातार निगरानी कर रहे थे। कमेटी के अध्यक्ष अवधेश यादव ने बताया कि करीब चार से पांच हजार श्रद्धालु चचरी पुल के रास्ते कमला नदी पार कर परतापुर घाट पहुंचते हैं। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तैनात है। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। दूर-दूर से लोग इस घाट पर छठ व्रत करने पहुंचते हैं।

झंझारपुर के एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि छठ पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया था, जबकि सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। कमला नदी के तट पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, चचरी पुल से नदी पार कर हजारों लोगों के घाट पहुंचने के कारण सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सतर्कता अहम बनी हुई है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

भोजपुर में सोन नदी के घाट पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, छठ गीतों से गूंजा कोइलवर

bihar chhath puja 2026 madhubani partapur ghat bhojpur koilwar son river
बिहार में छठ महापर्व संपन्न - फोटो : अमर उजाला
जिले में भी चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लास के माहौल में संपन्न हो गया। जिले के विभिन्न छठ घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया।

कोइलवर स्थित सोन नदी के तट पर सुबह से ही हजारों की संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। अंधेरा छंटने के साथ ही घाटों पर चहल-पहल बढ़ गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरा और सूप लेकर घाट पहुंचीं। जैसे ही भगवान सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, पूरा घाट छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से गूंज उठा।

व्रतियों ने सोन नदी के पवित्र जल में खड़े होकर दूध, जल, फल और फूलों से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक छठ गीत गाकर छठी मइया और भगवान भास्कर की आराधना की। घाटों पर बज रहे छठ गीतों और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। अर्घ्य के साथ ही चार दिनों से चल रहे महापर्व का समापन हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed