Bihar: वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, अकेले मिलने का दबाव, सरकारी स्कूल के शिक्षक पर गंभीर आरोप; मचा हड़कंप
दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड के एक सरकारी स्कूल में महिला शिक्षिकाओं ने एक शिक्षक पर गलत नीयत से अकेले मिलने के लिए बुलाने, मना करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड के एक सरकारी स्कूल से महिला शिक्षिकाओं के उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल में कार्यरत एक शिक्षक पर महिला शिक्षिकाओं को गलत नीयत से अकेले मिलने के लिए बुलाने, मना करने पर परेशान करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत महिला शिक्षिकाओं ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) से की है। साथ ही आरोपी शिक्षक के खिलाफ सोनकी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भी आवेदन दिया गया है।
महिला शिक्षिकाओं ने लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर प्रखंड के एक सरकारी स्कूल में कार्यरत शिक्षक पर स्कूल की महिला शिक्षिकाओं ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला शिक्षिकाओं का कहना है कि आरोपी शिक्षक उन्हें गलत नीयत से अकेले मिलने के लिए बुलाता है। जब वे मिलने से इनकार करती हैं तो उन्हें विभिन्न तरीकों से परेशान किया जाता है। महिला शिक्षिकाओं ने मांग की है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए या फिर उन्हें दूसरे विद्यालय में स्थानांतरित किया जाए।
प्रभारी प्रधानाध्यापक को भी किया परेशान
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब प्रभारी प्रधानाध्यापक ने महिला शिक्षिकाओं की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक को रोकने की कोशिश की, तो उसने मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की राशि में कमीशन मांगना शुरू कर दिया।
स्थानीय होने का उठाता है फायदा
महिला शिक्षिकाओं का आरोप है कि आरोपी शिक्षक का घर स्कूल के पास ही है। इसी कारण वह विद्यालय की हर गतिविधि में अपना दबदबा बनाए रखना चाहता है। यदि कोई उसका विरोध करता है तो वह उसके साथ अभद्र व्यवहार करता है।शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय में कार्यरत सात महिला शिक्षिकाओं को वह अक्सर अकेले मिलने के लिए कहता है। मना करने पर स्थानीय होने का फायदा उठाकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान करता है।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप
महिला शिक्षिकाओं ने आरोप लगाया है कि आरोपी शिक्षक ने कई महिला शिक्षिकाओं के वीडियो बना रखे हैं। उन्हीं वीडियो के आधार पर वह उन्हें ब्लैकमेल करता है। इतना ही नहीं, वह स्कूल में खुलेआम यह भी कहता है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और वह अपनी मर्जी से ही काम करेगा। इन आरोपों से परेशान होकर महिला शिक्षिकाओं ने जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद ठाकुर से लिखित शिकायत की है।
सोनकी थाने में भी दिया आवेदन
महिला शिक्षिकाओं ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए सोनकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भी आवेदन दिया है।
डीईओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद ठाकुर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
डीपीओ ने कहा- शिकायत को गंभीरता से लिया गया
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि महिला शिक्षिकाओं की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लिया गया है और शीघ्र ही इसकी जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।