{"_id":"6a316056d1bc0165810c92d5","slug":"high-voltage-drama-in-benipatti-madubani-bihar-mob-goes-on-rampage-court-commissioner-beaten-up-2026-06-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: मधुबनी में हाईवोल्टेज ड्रामा; आत्मदाह की कोशिश के बाद भीड़ का तांडव, कोर्ट कमिश्नर की पिटाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: मधुबनी में हाईवोल्टेज ड्रामा; आत्मदाह की कोशिश के बाद भीड़ का तांडव, कोर्ट कमिश्नर की पिटाई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधुबनी
Published by: दरभंगा ब्यूरो
Updated Tue, 16 Jun 2026 08:10 PM IST
विज्ञापन
सार
Madhubani: मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अधवारी गांव में जमीन विवाद को लेकर कोर्ट के आदेश पर दखल-दिहानी कराने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने एक बुजुर्ग ने आत्मदाह का प्रयास कर लिया। घटना के बाद भीड़ उग्र हो गई और कोर्ट कमिश्नर को बंधक बनाकर उनकी पिटाई कर दी।
घटनास्थल की फोटो
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अधवारी गांव में उस समय रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई, जब कोर्ट के आदेश पर दखल-दिहानी कराने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम के सामने ही एक पक्ष के बुजुर्ग ने विरोध जताते हुए खुद को आग के हवाले कर दिया। बुजुर्ग को जलता देख वहां मौजूद भीड़ उग्र हो गई और उसने प्रशासनिक टीम पर हमला बोल दिया। बुजुर्ग द्वारा आत्मदाह का प्रयास करते ही मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
कमिश्नर रत्नाकर झा की जमकर पिटाई
माहौल बिगड़ता देख अंचलाधिकारी (सीओ) अभिषेक आनंद और अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले। हालांकि, कोर्ट के आदेश पर दखल-दिहानी के लिए नियुक्त किए गए कमिश्नर रत्नाकर झा भीड़ के हत्थे चढ़ गए। आक्रोशित भीड़ ने उन्हें बंधक बना लिया और करीब आधे घंटे तक उनकी लात-घूंसों और थप्पड़ों से जमकर पिटाई की। यह पूरा मामला दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
एक पक्ष का दावा, दो बार मिल चुकी थी डिक्री
पहला पक्ष (पीड़ित): राजेंद्र ठाकुर, जिन्होंने खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। पीड़ित परिवार का दावा है कि पूर्व में इस जमीन को लेकर उन्हें दो बार कोर्ट से डिक्री (फैसला) मिल चुकी है।
हालिया कोर्ट आदेश के बाद पहुंचा था प्रशासन
दूसरा पक्ष: महेंद्र यादव, जिनके पक्ष में हाल ही में कोर्ट ने डिक्री दी थी। इसी ताजा आदेश के आलोक में आज प्रशासन जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंचा था।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग
आग में बुरी तरह झुलसे बुजुर्ग राजेंद्र ठाकुर को आनन-फानन में पहले जिरौल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेनीपट्टी के अनुमंडल अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर करने की तैयारी चल रही है।
ये भी पढ़ें: पूर्णिया एयरपोर्ट से लौट रहे हाइवा को कंटेनर ने रौंदा, केबिन में फंसे चालक-खलासी; एक की मौत
घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी अमित कुमार, एसडीओ शारंग पानी पांडेय और सर्किल इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल अधवारी गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर आसपास के कई थानों की पुलिस वहां कैंप कर रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है।