Bihar: घर लौट रहे सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला, रास्ते में बदमाशों ने मारी गोली; इलाके में सनसनी
औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सब्जी बेचकर घर लौट रहे 50 वर्षीय गोबिंद महतो को अपराधियों ने बलखंडीनाथ मंदिर के पास गोली मार दी। गोली गर्दन के पास लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के औरंगाबाद जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। हसपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सब्जी बेचकर घर लौट रहे एक सब्जी विक्रेता को बदमाशों ने बीच रास्ते गोली मार दी। गोली गर्दन के पास लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
सब्जी बेचकर लौट रहे थे घर
घायल की पहचान बंगाली बिगहा निवासी 50 वर्षीय गोबिंद महतो के रूप में हुई है। वह गुरुवार शाम कोईलवां से सब्जी बेचकर लूना बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बलखंडीनाथ मंदिर के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: जलापूर्ति परियोजना को मिली मंजूरी, खत्म होगी पानी के लिए जंग! क्या बदलेगी समस्तीपुर की तस्वीर?
गर्दन के पास मारी गोली, आरोपी फरार
जैसे ही गोबिंद महतो मंदिर के पास पहुंचे, बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके गर्दन के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही हसपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को हसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया।
हमले की वजह तलाश रही पुलिस
घटना गुरुवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
साधारण सब्जी विक्रेता पर हमले से लोग हैरान
घटना के बाद इलाके के लोग भी हैरान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोबिंद महतो एक साधारण सब्जी विक्रेता हैं और उनका किसी से विवाद होने की जानकारी नहीं है। ऐसे में उन पर हुए जानलेवा हमले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।