Bihar: बेकाबू थार का कहर, स्कूटी और टोटो को मारी टक्कर; तीन घायल, गुस्साई भीड़ ने वाहन तोड़ा
गया के गांधी मैदान स्थित जयप्रकाश झरना के पास गुरुवार को तेज रफ्तार थार ने पहले एक स्कूटी और फिर टोटो को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गया शहर के गांधी मैदान स्थित जयप्रकाश झरना के पास गुरुवार को तेज रफ्तार थार ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। पहले स्कूटी और फिर ई-रिक्शा (टोटो) को टक्कर मारने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने थार वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, हालात को संभाला और वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी।
पहले स्कूटी, फिर टोटो को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार से आ रही थार ने सबसे पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी। हादसे में स्कूटी सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और थार आगे जाकर एक टोटो से टकरा गई। इस टक्कर में टोटो चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: जलापूर्ति परियोजना को मिली मंजूरी, खत्म होगी पानी के लिए जंग! क्या बदलेगी समस्तीपुर की तस्वीर?
तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। तीनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद भड़का लोगों का गुस्सा
दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने थार वाहन के शीशे तोड़ दिए और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई।
पुलिस ने थार जब्त कर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर टाउन डीएसपी सरोज कुमार साह, सिविल लाइंस थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त थार को थाने लाया गया और जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।
वाहन पर भाजपा का स्टीकर होने की चर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थार पर भाजपा का स्टीकर लगा हुआ था। स्थानीय स्तर पर वाहन किसी आयुष कुमार का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने वाहन के मालिक या चालक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
तोड़फोड़ करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के साथ-साथ वाहन में तोड़फोड़ करने वालों की भी पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना के बाद कानून अपने हाथ में न लें और अफवाहों से बचें।