Bihar: आय से अधिक संपत्ति मामले में उत्पाद निरीक्षक के तीन ठिकानों पर EOU की छापेमारी, दस्तावेज जब्त
मुंगेर में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में सिवान के उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गौंड के तीन ठिकानों पर साढ़े चार घंटे छापेमारी की। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। निरीक्षक के फरार होने की चर्चा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीवान में पदस्थापित उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गौंड के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गुरुवार को मुंगेर में बड़ी कार्रवाई की। पटना से पहुंची EOU की दो टीमों ने कासिम बाजार थाना क्षेत्र के लल्लू पोखर, चंदनबाग स्थित पैतृक आवास और चंदनबाग नया टोला स्थित उनकी बहन के घर समेत तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
करीब साढ़े चार घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों से जुड़े अभिलेख, बैंक दस्तावेज तथा कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए। सूचना मिलते ही उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गौंड के कथित रूप से फरार होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि EOU ने नहीं की है। मौके से उनकी एक स्कॉर्पियो भी मिली, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया।
गुरुवार सुबह जैसे ही आर्थिक अपराध इकाई की टीम लल्लू पोखर स्थित आवास पहुंची, इलाके में हलचल मच गई। टीम ने परिसर को अपने कब्जे में लेकर किसी को अंदर-बाहर आने की अनुमति नहीं दी और गहन तलाशी शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान दूसरी टीम ने चंदनबाग स्थित पैतृक आवास और नया टोला स्थित उनकी बहन सुलेखा देवी के घर पर भी एक साथ छापेमारी की।
पढ़ें: SC में सोनम का जवाब - मैं निर्दोष हूं, जमानत रद्द करने की याचिका पर दिया हलफनामा
कार्रवाई का नेतृत्व आर्थिक अपराध इकाई के सीनियर डीएसपी संजय पांडेय और डीएसपी विजय कुमार गुप्ता कर रहे थे। दोनों अधिकारियों के साथ करीब 12 सदस्यीय टीम, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। तीनों ठिकानों पर दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड, जमीन के कागजात और अन्य संपत्ति संबंधी अभिलेखों की गहन जांच की गई।
सीनियर डीएसपी संजय पांडेय ने बताया कि सिवान में तैनात उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गौंड के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उनके विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। मुंगेर में दो टीमों ने तीन स्थानों पर कार्रवाई की। लल्लू पोखर स्थित मकान उनकी पत्नी पूनम कुमारी के नाम पर है, जहां से जमीन और संपत्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जिन संपत्तियों में आय से अधिक निवेश की आशंका है, उनकी जांच की जा रही है। जब्त किए गए सभी दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा।
डीएसपी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि चंदनबाग स्थित पैतृक आवास और नया टोला स्थित बहन सुलेखा देवी के घर से भी कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। मौके से एक स्कॉर्पियो वाहन भी मिला है, जिसके स्वामित्व की जांच की जा रही है। कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, अंकेश कुमार गौंड बुधवार देर रात अपनी स्कॉर्पियो से मुंगेर पहुंचे थे और नया टोला स्थित आवास पर ठहरे थे। गुरुवार सुबह EOU की कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद उनके वाहन छोड़कर चले जाने की चर्चा है। हालांकि इस संबंध में आर्थिक अपराध इकाई ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, अंकेश कुमार गौंड मूल रूप से झारखंड के निवासी हैं। उनके पिता विजय कुमार गौंड जमालपुर रेल कारखाना से सेक्शन इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके भाई रुपेश कुमार मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में लेखपाल हैं, जबकि बहन सुलेखा कुमारी शिक्षिका हैं।
EOU द्वारा जब्त दस्तावेजों और संपत्ति संबंधी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।