Bihar news : दो तेंदुओं की ऐसी भिड़ंत कि एक की हो गई मौत, दूसरा जख्मों से जूझ रहा; टाइगर रिजर्व में सनसनी
Bettiah news : वीटीआर मे एक तेंदुए का शव मिला है। घटनास्थल पर दो तेंदुओं के बीच लड़ाई के निशान पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों तेंदुए के बीच वर्चस्व की लड़ाई में यह हुआ है, क्योंकि दूसरा बुरी तरह जख्मी भी पाया गया है।

विस्तार
बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) में एक तेंदुए का शव मिला है। घटनास्थल पर दो तेंदुओं के बीच लड़ाई के निशान पाए गए हैं, जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि दोनों तेंदुओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई हुई होगी, जिसमें एक तेंदुए की मौत हो गई। मृत तेंदुए के शरीर पर जख्मों के निशान मिले हैं।

VTR के मदनपुर जंगल क्षेत्र में वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम को खेत में तेंदुए का शव दिखाई दिया, जिसके बाद इसकी सूचना वन अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने के बाद, वन प्रमंडल 2 के DFO पीयूष कुमार बरनवाल के नेतृत्व में वनपाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तेंदुए की मौत की वजह जानने की कोशिश की। शुरुआती जांच में तेंदुए की मौत आपसी भिड़ंत के कारण होने के संकेत मिले हैं।
वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सीनियर अधिकारियों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। वन विभाग की टीम और जीव वैज्ञानिकों ने भी मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। वन संरक्षक सह क्षेत्र निदेशक डॉ. नेशामनी ने बताया, "संभावना है कि तेंदुए की मौत दो दिन पहले हुई होगी। नदी किनारे पानी पीने पहुंचे एक शावक तेंदुए पर बड़े तेंदुए ने हमला कर दिया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई होगी।"
वन अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जंगल के इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। इसके अतिरिक्त, वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं। वन विभाग जल्द ही इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगा, जिससे यह साफ हो सके कि तेंदुए की मौत आपसी भिड़ंत के कारण हुई या कोई अन्य वजह जिम्मेदार है।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व
बिहार का एकमात्र टाइगर रिजर्व है, जो 899 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यह जंगल बाघ, तेंदुआ, हाथी, गैंडा और दुर्लभ पक्षियों की कई प्रजातियों का घर है। वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में इस जंगल में बाघों और तेंदुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। 2018 में यहां 10-12 तेंदुए थे, लेकिन अब इनकी संख्या 120 से अधिक हो गई है। वहीं, बाघों की संख्या भी 54 के करीब पहुंच चुकी है।