Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Muzaffarpur News ›   Bihar: Tragedy strikes ahead of sister’s wedding; two friends die in a Scorpio accident

बिहार: बहन की शादी से पहले उजड़ा घर, स्कॉर्पियो हादसे में दो दोस्तों की मौत; परिवार का सहारा था ओसामा

Mon, 16 Nov 2026 03:35 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोतिहारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोतिहारी Published by: शबाहत हुसैन Updated Mon, 16 Nov 2026 03:35 PM IST
सार

बेतिया के मझौलिया में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। मृतक ओसामा 11 सदस्यों के परिवार का सहारा था। दिसंबर में उसकी बहन की शादी होनी थी। हादसे में पांच अन्य लोग घायल हुए।

विज्ञापन
Bihar: Tragedy strikes ahead of sister’s wedding; two friends die in a Scorpio accident
रोते बिलखते परिजन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर सात लोगों को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में मोहम्मद ओसामा (26) और मोहम्मद खालिद उर्फ सोनू (26) शामिल हैं। दोनों बेतिया नगर थाना क्षेत्र के द्वार देवी चौक के रहने वाले थे। ओसामा के कंधों पर 11 सदस्यों के परिवार की जिम्मेदारी थी। अगले महीने उसकी बहन की शादी होनी थी, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

विज्ञापन

इलाज के दौरान दो दोस्तों की मौत
रविवार देर शाम हुए इस हादसे के बाद लाल सरैया चौक पर अफरा-तफरी मच गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेती चली गई। हादसे में बच्चों और बुजुर्गों समेत सात लोग घायल हो गए। इनमें से दो युवकों मोहम्मद ओसामा और मोहम्मद खालिद उर्फ सोनू की जीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई।

विज्ञापन

रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे थे घर
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक दोस्त थे और सुगौली स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर से बेतिया लौट रहे थे। इसी दौरान मझौलिया थाना क्षेत्र के लाल सरैया चौक के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

छह महीने पहले हुई थी ओसामा की शादी
परिजनों के अनुसार, मोहम्मद ओसामा की शादी करीब छह महीने पहले किशुनबाग में हुई थी। उसके पिता नेयाज अहमद चायपत्ती के व्यवसायी थे, लेकिन लकवाग्रस्त होने के कारण उन्हें अपना कारोबार छोड़ना पड़ा। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी ओसामा के कंधों पर आ गई।

होम ट्यूशन से चलाता था 11 सदस्यों का परिवार
ओसामा के परिवार में कुल 11 सदस्य हैं। इनमें उसके माता-पिता, पांच भाई और चार बहनें शामिल हैं। वह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। पिता की बीमारी के कारण परिवार के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। वह बच्चों को होम ट्यूशन पढ़ाकर होने वाली आमदनी से परिवार का खर्च चलाता था।

दिसंबर में होनी थी बहन की शादी
परिवार में अगले महीने यानी दिसंबर में ओसामा की बहन की शादी होनी थी। शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। ओसामा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे में पांच अन्य लोग भी घायल
हादसे में घायल अन्य लोगों की पहचान लाल सरैया निवासी 48 वर्षीय अशोक चौधरी, 41 वर्षीय लचीना चौधरी, 12 वर्षीय आराध्या कुमारी, सात वर्षीय अनमोल चौधरी और 60 वर्षीय विनोद चंद्र सिंह के रूप में हुई है।

चार घायलों की हालत गंभीर, पटना रेफर
घटना के बाद जीएमसीएच पहुंचे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 अजीत कुमार ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। इनमें से मोहम्मद ओसामा और मोहम्मद खालिद उर्फ सोनू की मौत हो गई। अन्य घायलों में चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया है, जबकि तीन की हालत सामान्य बताई गई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से स्कॉर्पियो और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। बेटों की अचानक मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed