Bihar Crime: शख्स की गोली मारकर हत्या, घर लौटने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के रामपुर हरि थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने पान दुकानदार रणधीर कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर अपराधियों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में देर शाम बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने एक पान मसाला दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोइली गांव के पास की बताई जा रही है। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान कोइली भराव गांव निवासी 40 वर्षीय रणधीर कुमार, पिता दिनेश राय के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी ईस्ट वन अलय और रामपुर हरि थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
घर लौटने के दौरान अपराधियों ने की गोलीबारी
स्थानीय लोगों के अनुसार रणधीर कुमार घर लौट रहे थे, उसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधी हत्या की नीयत से पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और वहां भीड़ जमा हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल रणधीर कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोग शोक में डूब गए।
पढ़ें- न्याय मांगा... मिली मौत: खंभे से बांधकर महिला को बेरहमी से पीटा, गई जान; वीडियो सामने आने पर एक हिरासत में
पुलिस कर रही जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना को लेकर एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे इलाके में घेराबंदी कर फरार अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों का सुराग मिल सके।
आपसी रंजिश या साजिश की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या पूर्व नियोजित साजिश का प्रतीत हो रहा है। मामले में परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.