बिहार: जुआ-सट्टे के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, छह गिरफ्तार; 17 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल बरामद
मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टे के अड्डे पर छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुरानी बाजार स्थित एक झोपड़ी में चल रहे इस खेल के अड्डे से पुलिस ने 17,448 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और ताश की एक गड्डी बरामद की है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना पुलिस ने अवैध जुआ के अड्डे और सट्टेबाजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी देवरिया थाना क्षेत्र में एक झोपड़ीनुमा घर में जुआ और सट्टे का संचालन कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध जुआ और सट्टा संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है।
क्षेत्र में अवैध रूप से जुआ और सट्टा खेलने तथा संचालित करने वाले गिरोह पर पुलिस की पहले से नजर थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 17,448 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और ताश की एक गड्डी बरामद की गई। पुलिस को देखकर सभी आरोपितों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। अब सभी को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कैलाश साह, राजेश कुमार, चंदन साह, मुन्ना पासवान, गणेश पासवान और ओमप्रकाश कुंवर के रूप में हुई है। ये सभी मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पूरे मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए सरैया एसडीपीओ अभिजित कौर ने बताया कि एसएसपी मुजफ्फरपुर के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध लॉटरी, जुआ और ऑनलाइन गेमिंग के संचालन में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार में भीषण सड़क हादसा: गंगा स्नान करने जा रहे दंपती समेत तीन की मौत; चार गंभीर घायल
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि देवरिया थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार में आरोग्य हॉस्पिटल के सामने स्थित एक झोपड़ी में बड़े पैमाने पर ताश के जरिये जुआ और सट्टे का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद गठित टीम ने पहले उसका सत्यापन किया और फिर उक्त स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान जुआ और सट्टा खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी बरामद की।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। अवैध रूप से सट्टा संचालित करने और ऑनलाइन जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।

जुआ ऑनलाइन सट्टा पर छापा

जुआ ऑनलाइन सट्टा पर छापा

जुआ ऑनलाइन सट्टा पर छापा
