Bihar News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, ससुराल के पास बगीचे में मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र के छाजन गांव में ससुराल आए मोती सहनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव बगीचे में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र के छाजन गांव में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोती सहनी (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कोलकाता में किसी कंपनी में काम करता था और हाल ही में होली पर्व मनाने के लिए अपने ससुराल आया हुआ था। युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
गांव के बगीचे में मिला शव, प्रशासन को दी गई सूचना
घटना को लेकर मुखिया शिव मंगल सहनी ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली थी। इसके बाद पता चला कि मृतक का शव गांव के समीप एक बगीचे में पाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन को तुरंत अवगत कराया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई राजदेव सहनी ने इस घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई आत्महत्या का नहीं है, बल्कि किसी गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने पेड़ की ऊंचाई को लेकर भी सवाल उठाया है, जिससे घटना को लेकर संदेह और बढ़ गया है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
पढ़ें- Bihar News: वैशाली जिले में तीन थानाध्यक्षों पर कार्रवाई, अब काटा जाएगा सैलरी का पैसा, जानें क्या है मामला?
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
नगर डीएसपी अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को भी प्राथमिकता के साथ जांच में शामिल किया गया है।
एफएसएल टीम को बुलाया गया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने साक्ष्यों के संकलन के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.