बिहार: भोटेकोशी की बाढ़ में तबाही, रसुवागढ़ी सीमा शुल्क कार्यालय के 14 कर्मचारी लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन तेज
नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी की भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। रसुवागढ़ी सीमा शुल्क कार्यालय के 14 कर्मचारी लापता हैं, जबकि 25 कर्मचारी सुरक्षित हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए सेना, पुलिस और हेलीकॉप्टरों की मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ की चपेट में आने से रसुवागढ़ी सीमा शुल्क कार्यालय के 14 कर्मचारी लापता हो गए हैं। घटना के बाद नेपाल सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ हेलीकॉप्टरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है।
25 कर्मचारी सुरक्षित, 14 का अब तक नहीं मिला सुराग
गृह मंत्रालय के अनुसार, रसुवागढ़ी सीमा शुल्क कार्यालय में कुल 36 स्थायी कर्मचारी कार्यरत थे। इनमें कार्यालय के प्रशासक प्रमुख राजेंद्र ढुंगाना समेत 25 कर्मचारी सुरक्षित हैं, जबकि 11 स्थायी कर्मचारियों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। इसके अलावा, कार्यालय में कार्यरत चार संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों में से एक सुरक्षित है, जबकि तीन अन्य लापता बताए जा रहे हैं। इस तरह कुल 14 कर्मचारियों की तलाश की जा रही है।
राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर
सीमा शुल्क कार्यालय ने बताया कि बाढ़ के बाद सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। नेपाल सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करते हुए 12 हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। इनमें नेपाली सेना के चार और निजी क्षेत्र के आठ हेलीकॉप्टर शामिल हैं। ये लगातार प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां भी मैदान में उतरीं
सरकार ने धादिंग, नुवाकोट, रसुवा और चितवन जिलों की सभी सुरक्षा एजेंसियों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया है। नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और लापता कर्मचारियों का जल्द से जल्द पता लगाने की है।
ये भी पढ़ें- Live बिहार में बाढ़ का खतरा Live: नेपाल का प्रलय पहुंच रहा बिहार, गंडक के सभी 36 बराज खोले; सीएम ने दिए निर्देश
स्थिति पर सरकार की लगातार नजर
नेपाल सरकार ने कहा है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम और नदी के जलस्तर को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान को और तेज किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।