Bihar News: डायन बताकर बरपाया कहर! महिला समेत पूरे परिवार पर लोहे की रॉड से हमला, गांव में मचा हड़कंप
पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के राणाबीघा गांव में अंधविश्वास के नाम पर एक महिला और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। मंदिर से घर लौट रही महिला को कुछ लोगों ने डायन बताकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के राणाबीघा गांव से अंधविश्वास और दबंगई की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसे बचाने पहुंचे उसके परिवार के सदस्यों को भी बेरहमी से पीट दिया। हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मंदिर से लौट रही महिला पर किया गया हमला
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात महिला गांव के एक मंदिर से पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से अचानक हमला कर दिया। महिला को अकेला पाकर आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
बचाने पहुंचे परिजनों को भी नहीं बख्शा
महिला की चीख-पुकार सुनकर उसके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन हमलावरों का गुस्सा इतना बढ़ा हुआ था कि उन्होंने परिवार के अन्य लोगों को भी निशाना बना लिया। बीच सड़क पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पूरे परिवार की जमकर पिटाई की गई।
चार लोग गंभीर रूप से घायल
हमले में महिला समेत परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बीमारी से हुई मौत के बाद लगाया टोना-टोटका का आरोप
पीड़ित महिला ने बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोस में रहने वाली एक महिला की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने उसकी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराते हुए टोना-टोटका और डायन बिसाही करने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर लगातार तनाव बना हुआ था।
ये भी पढ़ें: Bihar News: मुजफ्फरपुर ICU अग्निकांड पर बड़ा मोड़: मानवाधिकार आयोग पहुंचा मामला, रिटायर्ड जज से जांच की मांग
जमीन विवाद का भी आरोप
महिला का यह भी आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने कुछ वर्ष पहले उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। इसके बाद से अक्सर किसी न किसी बहाने परिवार को परेशान किया जाता था और मारपीट की घटनाएं होती रहती थीं।
थाने में दर्ज कराई गई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित महिला ने बाढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अंधविश्वास पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं आज भी सामने आना चिंता का विषय माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।