अनंत सिंह की बेटी की शादी: 30 लाख रसगुल्ले, 151 गाड़ियों में आएगी बरात; हेलीकॉप्टर से पहुंच रहे सांसद-मंत्री
Anant Singh Daughter Shivangi Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी नदवां में शाही अंदाज में हो रही है। 151 गाड़ियों की बारात, 140 व्यंजन, 30 लाख रसगुल्ले और थार इनाम वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र हैं।
विस्तार
मोकामा से विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां में हो रही है। शाही अंदाज में आयोजित इस शादी के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। जयमाला के लिए जयपुर की थीम पर स्टेज बनाया गया है। करीब 10 बीघा जमीन में विशाल पंडाल तैयार किया गया है।
शादी का एक बड़ा आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी है। करीब 12 बीघा जमीन में आयोजित इस प्रतियोगिता को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। घोड़ों की दौड़ देखने के लिए कुछ लोग बिजली के टावर पर भी चढ़ गए। प्रतियोगिता के विजेता घोड़े के मालिक को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी। इस शाही शादी में करीब 4 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। वहीं, दुल्हन शिवांगी सिंह लाल साड़ी में शादी की रस्में निभाती नजर आईं।

