Bihar Crime: जमीनी विवाद में भाई बना भाई का दुश्मन, कुदाल से हमला; मां-बेटे की मौत, 6 घायल, तीन गिरफ्तार
पटना के मोकामा थाना क्षेत्र के साहबेगपुर में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां दो भाइयों के परिवारों के बीच हिंसक झड़प में एक युवक की कुदाल से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
पटना के मोकामा थाना क्षेत्र के शाहबेगपुर मोहल्ले में जमीनी विवाद को लेकर दो परिवार आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच कुदाल, लाठी और डंडों से जमकर हमला हुआ, जिसमें राजीव यादव और उनकी मां मंजू देवी की मौत हो गई। वहीं, उनके परिवार के ही एक व्यक्ति को कुदाल के वार से गंभीर रूप से घायल अवस्था में पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
रेफरल अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
इस हमले में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ का इलाज मोकामा रेफरल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। घायलों में कृष्णा कुमार, हीरा देवी और विवेक कुमार शामिल हैं। घटना के बाद पटना के ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार मौके पर कैंप कर रहे हैं। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
महिला और उसके बेटे की हमले में मौत
जानकारी के अनुसार, अजय यादव अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ खेत से काम कर घर लौट रहा था। इसी दौरान विजय यादव अपने दोनों बेटों के साथ घर के पास बैठा हुआ था। अजय यादव के पहुंचते ही उन लोगों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया और कुदाल से मारकर घायल कर दिया गया। एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर काफी देर तक पड़ा रहा, लेकिन वहां मौजूद भीड़ में से किसी ने उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार अधिक खून बहने के कारण एक युवक राजीव कुमार की मौत हो गई, जबकि उनकी मां मंजू देवी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक पक्ष से तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: हाइवा ने टेम्पो को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से जख्मी; डीएमसीएच में चल रहा इलाज
'भाई ने भाई के परिवार पर किया हमला'
इस घटना के बारे में ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि जमीनी विवाद में दो भाइयों के बीच मारपीट की घटना हुई है। एक भाई के परिजनों ने दूसरे भाई और उसके परिवार पर हमला किया है, जिसमें कुदाल का भी इस्तेमाल किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, फसल की कटाई को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति के सिर पर कुदाल से वार किया गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। मोकामा थाना की पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में जुटे हैं। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.