Bihar News: बांकीपुर के विधायक के रूप में प्रशांत किशोर ने ली शपथ, विधानसभा में क्या कहा?
Bankipur By-Election: बांकीपुर विधानसभा से उपचुनाव में भाजपा को हराकर जीत हासिल करने वाले चुनावी रणनीतिकार और जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आज विधानसभा पहुंचे। उनके साथ जनसुराज के नेता और कार्यकर्ता भी थे। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज पार्टी से जीत हासिल कर विधायक बने प्रशांत किशोर ने आज विधानसभा जाकर पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के सामने उन्होंने विधायक पद की शपथ ली। उन्होंने कहा कि एक नया बांकीपुर बनाना है, जहां पर लोगों को अच्छी शिक्षा, अच्छी सड़कें और रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि जिस सदन के सदस्य श्री बाबू, अनुग्रह नारायण जी, कर्पूरी जी, नीतीश जी, लालू जी, रामविलास जी और सुशील मोदी जी रहे हैं, उस सदन के सदस्य के तौर शपथ लेना मेरे लिए गौरव की बात है। ये मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।
छह दिन पहले ही 10 हजार युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की
छह दिन पहले ही बांकीपुर के 10 हजार युवाओं को रोजगार देने की घोषणा कर सियासत गरमा दी थी। उन्होंने कहा था कि बांकीपुर के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं का बायोडाटा और सीवी उनके कार्यालय में जमा कराया जाए। उन्होंने दावा किया कि अगले एक से दो साल में कम से कम 10 हजार परिवारों के बच्चों को नौकरी दिलाने की व्यवस्था करने की कोशिश की जाएगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि उपचुनाव में जीत के बाद कुछ लोग यह कह रहे हैं कि वह पांच-सात दिन से घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम घूम नहीं रहे हैं, आपका ही काम कर रहे हैं। इसके बाद से प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा में हर दिन लोगों की बीच जाकर सभा कर रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी को हराकर जीते थे पीके
बता दें कि तीन अगस्त को जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा के नीरज कुमार को 19 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया था। अंतिम मतगणना में प्रशांत किशोर को 64,151 वोट, भाजपा के नीरज कुमार को 44,827 वोट और राजद की रेखा कुमारी को 14,273 वोट मिले। ईवीएम और डाक मतपत्रों की गिनती पूरी होने के बाद घोषित इस परिणाम के साथ प्रशांत किशोर ने अपनी पहली चुनावी परीक्षा में बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की।