बिहार: छठ की रात दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, बड़े भाई के बाद छोटे भाई ने भी गंवाई जान
सासाराम जिले में छठ की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। शिवसागर थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोर सराय निवासी राहुल यादव की मौत हो गई। राहुल के बड़े भाई की भी पहले सड़क हादसे में जान जा चुकी थी।
विस्तार
लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान सासाराम जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं बीती रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुईं। छठ के मौके पर जहां पूरे इलाके में श्रद्धा और भक्ति का माहौल था, वहीं इन हादसों ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। एक हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बड़े भाई के बाद छोटे भाई की भी सड़क हादसे में मौत
पहली घटना शिवसागर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की है। यहां मोर सराय गांव निवासी राहुल यादव की रोझहीं गांव मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राहुल अपाचे बाइक से शिवसागर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गए।
परिजनों के मुताबिक, राहुल चार भाइयों में सबसे छोटे थे। इससे पहले उनके बड़े भाई राजू यादव की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। बड़े भाई की मौत के बाद राहुल ने करीब छह महीने पहले ही अपनी भाभी से शादी की थी। अब राहुल की भी सड़क हादसे में मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगाने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
अनियंत्रित बाइक पानी से भरे गड्ढे में गिरी, युवक की मौत
दूसरी घटना नोखा थाना क्षेत्र के जखनी पुल के पास हुई। इस स्थान को दुर्घटना की आशंका के कारण ब्लैक स्पॉट के रूप में जाना जाता है। मृतक की पहचान सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी वृंदावन सिंह के रूप में हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि वृंदावन सिंह की मौत डूबने से हुई या हादसे में लगी चोट के कारण, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
