Bihar News: फूलों से सजा ट्रैक्टर, ड्राइविंग सीट पर दूल्हा; कटिहार में देसी अंदाज की बारात बनी चर्चा का विषय
कटिहार के फलका में एक दूल्हा लग्जरी कार के बजाय फूलों से सजे ट्रैक्टर पर सवार होकर बारात लेकर निकला। दूल्हे ने खुद ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभाली, जबकि पीछे ट्रैक्टरों का काफिला और ट्रॉलियों में बाराती सवार थे। अनोखी बारात देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आमतौर पर शादी में दूल्हे की बारात लग्जरी कारों और महंगी गाड़ियों के काफिले के साथ निकलती है, लेकिन कटिहार के फलका में एक दूल्हा अपनी दुल्हनिया को लेने कुछ अलग अंदाज में निकला। यहां दूल्हा न तो कार में बैठा और न ही किसी ड्राइवर का इंतजार किया। फूल-मालाओं से सजे ट्रैक्टर की स्टेयरिंग खुद संभाली और पीछे ट्रैक्टरों का काफिला लेकर बारात के लिए निकल पड़ा। सड़क से गुजरती इस अनोखी शादी को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुट गई।
मामला मोरसंडा पंचायत के वार्ड 12 स्थित मागंपट्टी गांव का है। गांव के मोहम्मद महबूब के बेटे दिलशाद उर्फ राजा की शादी मोरसंडा गांव निवासी मोहम्मद आबिद की बेटी रौनक प्रवीण के साथ हुई। शादी के दिन बारात निकली तो दूल्हे की सवारी देखकर हर कोई हैरान रह गया। ट्रैक्टर को आकर्षक तरीके से सजाया गया था और दूल्हा राजा खुद ड्राइविंग सीट पर बैठकर स्टेयरिंग संभाल रहा था। दूल्हे के ट्रैक्टर के पीछे ट्रैक्टरों का काफिला चल रहा था। ट्रॉली में बाराती सवार थे।
देसी अंदाज में निकली यह बारात गांव की सड़कों से गुजरती हुई आगे बढ़ी तो सड़क किनारे खड़े लोग रुककर नजारा देखने लगे। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाया और तस्वीरें भी खींचीं। बताया जा रहा है कि बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें- Bihar: जिस सड़क से गुजरते हैं मंत्री-अधिकारी, वहां 28 साल से मंदिर में चल रहा स्कूल; दावों की खुली पोल
दूल्हा किसान परिवार से जुड़ा है और ट्रैक्टर परिवार की खेती-किसानी का अहम हिस्सा है। इसी वजह से शादी के खास मौके पर ट्रैक्टर को बारात की सवारी बनाने का फैसला लिया गया। इससे बारात में देसी रंग भी दिखा और लोगों के बीच इसकी चर्चा भी खूब हुई।
बारात में मोरसंडा पंचायत के मुखिया अजहरुद्दीन उर्फ राजू नायक समेत वार्ड सदस्य भी शामिल हुए। मुखिया ने भी ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभालकर बारात के उत्साह में हिस्सा लिया। लग्जरी गाड़ियों के दौर में ट्रैक्टरों के काफिले के साथ निकली यह बारात अब कटिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है।