Bihar: दहेज में नहीं मिली कार तो ली जान? पूर्णिया में विवाहिता की मौत; शरीर पर मिले चोट के निशान, पति गिरफ्तार
Purnia: पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र में एक 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्णिया में दहेज के दानवों द्वारा एक विवाहिता की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने और वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि, मृतका के शरीर और चेहरे पर मौजूद बेरहमी से की गई मारपीट के निशान ने आरोपियों की इस साजिश की पोल खोल दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना जिले के मरंगा थाना अंतर्गत ततमा टोली (वार्ड संख्या-24) में हुई है। मृतका की पहचान भागलपुर जिले के खरीक (कठेला) निवासी प्रकाश चौधरी की पुत्री शांति कुमारी (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भागलपुर के ही झंडापुर थाना (बिहपुर, ओहलियाबाद) निवासी अमित कुमार मिश्र की पत्नी थी।
शादी के छह महीने बाद बदल गया ससुराल वालों का व्यवहार
घटना के संबंध में मृतका की बहन प्रियंका कुमारी ने बताया कि वर्ष 2021 में शांति की शादी अमित कुमार मिश्र के साथ बड़े ही धूमधाम और रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती छह महीनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आ गया। पति अमित और उसके घरवाले शांति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे और मायके से चार चक्का वाहन (कार) लाने का दबाव बनाने लगे। मृतका की बहन ने एक भावुक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे लोग केवल बहनें हैं, उनका कोई भाई नहीं है। इस वजह से शांति के ससुराल वालों की नजर उनके पिता की संपत्ति और जमीन पर थी। आरोपी लगातार शांति पर दबाव बना रहे थे कि वह अपने पिता की जमीन बिकवाए और उससे मिलने वाले पैसों से उन्हें चार चक्का गाड़ी खरीदकर दे। जब शांति ने इसका विरोध किया, तो उसके सास, ससुर और पति समेत घर के सभी सदस्यों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
किराये के कमरे में मिली लाश, परिजनों ने बताई खौफनाक कहानी
ससुराल में लगातार हो रहे विवाद और मारपीट के बाद पति अमित कुमार मिश्र शांति को लेकर पूर्णिया चला आया और यहां मरंगा के ततमा टोली वार्ड-24 में एक मकान में किराये का कमरा लेकर रहने लगा। अमित पूर्णिया में ही एक दवा कंपनी में बतौर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) काम करता था। वह आमतौर पर शनिवार और रविवार को अपने पैतृक घर भागलपुर जाता था। बहन ने बताया कि अमित ने अचानक फोन कर सूचना दी कि शांति ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही जब वे लोग एक-डेढ़ घंटे के भीतर पूर्णिया स्थित किराये के कमरे पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। शांति का शव फंदे से लटका हुआ था, लेकिन उसके पैर पूरी तरह जमीन से सटे हुए थे। इसके अलावा उसके पूरे शरीर, हाथ-पैर और चेहरे पर बेरहमी से पीटे जाने के नीले और गहरे निशान थे। परिजनों का सीधा आरोप है कि अमित ने पहले शांति को बुरी तरह पीट-पीटकर मार डाला और फिर कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए शव को फंदे से टांग दिया।
ये भी पढ़ें: ग्राहक बनकर आए, दुकान में घुसे और मार दी गोली; CM नीतीश से सम्मानित किसान की मुजफ्फरपुर में हत्या
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पति गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सुदिन चौक टीओपी प्रभारी कुमार पंकज पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से ही भागने की फिराक में लगे आरोपी पति अमित कुमार मिश्र को गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए सुदिन चौक टीओपी प्रभारी कुमार पंकज ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए मायके वालों को सौंप दिया गया है। मृतका के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर मरंगा थाने में सुसंगत धाराओं के तहत दहेज हत्या (Dowry Death) का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी पति को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।