{"_id":"69cf9bee0d2ca50db90fced1","slug":"purnia-woman-found-dead-under-mysterious-circumstances-family-alleges-murder-over-gender-bias-and-dowry-purnea-news-c-1-1-noi1375-4121670-2026-04-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: बेटा नहीं हुआ तो महिला की हत्या, तकिये से मुंह दबाकर ली जान; दो मासूम बेटियों से छिना मां का साया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: बेटा नहीं हुआ तो महिला की हत्या, तकिये से मुंह दबाकर ली जान; दो मासूम बेटियों से छिना मां का साया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया
Published by: पूर्णिया ब्यूरो
Updated Fri, 03 Apr 2026 05:12 PM IST
विज्ञापन
मृतका की फाइल फोटो
विज्ञापन
पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदा कवैया (वार्ड 02) में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि बेटा न होने और जमीन बेचकर पैसे लाने की मांग पूरी न करने पर ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। वर्तमान में महिला का शव पूर्णिया जीएमसीएच में पड़ा है, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम का माहौल है।
Trending Videos
मां की मौते से बच्चियां अनजान
महिला की मौत से दो छोटी बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया है, जो अब भी इस बात से अनजान हैं कि उनकी मां अब कभी लौटकर नहीं आएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया GMCH भेज दिया है। मृतका की पहचान मनीष कुमार की 28 वर्षीय पत्नी जुगनू कुमारी के रूप में हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
हार्ट अटैक का बहाना और अस्पताल में मिला शव
घटना शुक्रवार की है। मृतका की मां संजुला देवी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उनके दामाद मनीष कुमार का फोन आया। मनीष ने घबराते हुए कहा कि जुगनू को हार्ट अटैक आया है, हम उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं। आनन-फानन में जब मायके वाले पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जुगनू का निर्जीव शरीर अस्पताल के स्ट्रेचर पर पड़ा था। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि महिला की मौत अस्पताल लाने से काफी पहले ही हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, जुगनू की शादी 5 साल पहले मनीष के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। शुरुआती कुछ समय सब ठीक रहा, लेकिन जैसे ही जुगनू ने दो बेटियों शांभवी (4 वर्ष) और निशा (ढाई वर्ष) को जन्म दिया, ससुराल वालों का रवैया बदल गया।
ससुराल पक्ष के लोगों पर लगा गंभीर आरोप
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि सास ऊषा देवी, ननद मोनी, ज्योति और नंदोई कौशल अक्सर जुगनू को 'बेटा न होने' के लिए प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष जुगनू पर दबाव बना रहा था कि वह अपने पिता से कहकर उनकी जमीन बिकवाए और पैसे लाकर उन्हें दे। इसी विवाद में पूर्व में जुगनू का हाथ और तीन उंगलियां भी तोड़ दी गई थीं। इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि जुगनू अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहती थी। अपनी दोनों बेटियों के भविष्य के लिए वह आत्मनिर्भर होना चाहती थी। उसकी मां ने रोते हुए बताया कि जुगनू ने मात्र तीन दिन पहले ही शारीरिक शिक्षक की भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए नई किताबें खरीदी थीं। वह पढ़ाई में जुटी थी, लेकिन उसे क्या पता था कि उसके अपनों के ही इरादे कुछ और हैं।
ये भी पढ़ें: पत्नी को तलाक देने के लिए दबाव डालती थी गर्लफ्रेंड, BPSC टीचर ने कर ली आत्महत्या
पुलिस ने क्या बताया?
घटना की गंभीरता को देखते हुए मरंगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि परिजनों के आवेदन और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।