Bihar: पूर्णिया में बैंककर्मी पति ने शिक्षिका पत्नी को मारी गोली, 9 साल के बेटे के सामने हत्या; आरोपी फरार
Bihar News: पूर्णिया में घरेलू विवाद के बाद बैंककर्मी पति पर शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के समय 9 वर्षीय बेटा घर में मौजूद था। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया है। आरोपी पति वारदात के बाद से फरार है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्णिया शहर के के. हाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रेणु नगर में रविवार को घरेलू विवाद के बाद एक बैंककर्मी पति पर अपनी शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के समय घर में मौजूद 9 वर्षीय बेटे के सामने ही वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अररिया जिले के रानीगंज विशनपुर निवासी राज कुमार यादव की 36 वर्षीय पत्नी शालिनी कुमारी के रूप में हुई है। शालिनी श्रीनगर स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनके पति मधुबनी स्थित कोऑपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं। दोनों अपने बच्चों के साथ रेणु नगर में किराए के मकान में रहते थे।
9 साल के बेटे ने बताई पूरी कहानी
घटना का खुलासा मृतका के 9 वर्षीय बेटे के बयान से हुआ, जिसने वारदात को अपनी आंखों से देखने की बात परिजनों को बताई। मृतका के मामा गौरी शंकर ने बताया कि घटना के बाद बच्चे ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी मां को गोली मार दी गई है।
परिजनों के अनुसार, बच्चे ने बताया कि रविवार को किसी बात को लेकर मम्मी-पापा के बीच विवाद हुआ था। बहस के दौरान पिता ने कथित तौर पर कहा कि आज सब खेल खत्म कर देते हैं और इसके बाद पिस्टल निकालकर पत्नी पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद शालिनी खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
अस्पताल ले गए पर नहीं बच सकी शालिनी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल शालिनी को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया ले गए। हालांकि, उनकी हालत बेहद गंभीर थी। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही के. हाट थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और कमरे से कारतूस का खाली खोखा बरामद किया।
यह भी पढ़ें: खुद को IAS और अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताता था युवक, फर्जी ID-शराब समेत गिरफ्तार
आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस
के. हाट थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर घरेलू विवाद के कारण पति द्वारा पत्नी को गोली मारने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से खोखा जब्त किया गया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, आरोपी पति वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।