Bihar News: सारण में तेज रफ्तार का कहर, सड़क पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, हुई मौत
सारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 30 वर्षीय युवक दीपक कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नैनी बाजितपुर इलाके में तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे दीपक कुमार (30) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुकान जाने के लिए निकले दीपक की दर्दनाक मौत
घटना के संबंध में बताया जाता है कि हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नैनी बाजितपुर गांव निवासी रामनाथ राय के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दीपक रविवार की शाम अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक स्थानीय दुकान पर घरेलू सामान खरीदने के लिए निकले थे।
वह घर से बाहर निकलकर सड़क पार कर ही रहे थे, तभी छपरा शहर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक अज्ञात वाहन अनियंत्रित होकर उनकी ओर आया। वाहन चालक ने सड़क पार कर रहे दीपक को संभलने का मौका तक नहीं दिया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि गंभीर रूप से घायल हुए दीपक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर लगने के बाद दीपक कुमार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह सड़क पर लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचे। अचानक हुए इस हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दीपक के परिजनों को दी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों को उम्मीद थी कि समय रहते अस्पताल पहुंचने से उनकी जान बच जाएगी। हालांकि, सदर अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- Bihar: आठ साल के प्यार को मिला मुकाम! शादी की जिद पर अड़ा प्रेमी जोड़ा, पुलिस-पंचायत ने कराए सात फेरे
पुलिस जांच में जुटी
वहीं, पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।