Bihar News: 20 करोड़ में हुई डील, शूटरों को मिले सिर्फ 500 रुपये! कृष्णा सिंह मर्डर केस में पुलिस का खुलासा
Bihar News: गोपालगंज में कृष्णा सिंह हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान एक चौंकाने वाली साजिश का खुलासा हुआ, जिसमें 20 करोड़ की सुपारी की बात सामने आई, लेकिन शूटरों को महज 500 रुपये दिए गए। इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ जांच में पेशेवर तरीके से की गई रेकी और सुनियोजित हत्या की पुष्टि हुई है।
विस्तार
गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में बीते 23 मार्च को हुए चर्चित कृष्णा सिंह हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पूरे इलाके को हिला देने वाली साजिश का पर्दाफाश किया है। हथुआ-कुसौंधी मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम मुड़ा के समीप एक ईंट भट्ठा के पास हुई इस हत्या के पीछे करीब 20 करोड़ रुपये की सुपारी का खेल सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कई अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
मीरगंज शहर के राजेंद्र चौक पर मीडिया से बात करते हुए एसपी विनय तिवारी ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह हत्या पूरी तरह से सुनियोजित और पेशेवर तरीके से अंजाम दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हथुआ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया था, जिसने दिन-रात मेहनत कर तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर इस जघन्य अपराध का खुलासा किया।
'आरोपियों की हैसियत 20 करोड़ रुपये देने की नहीं'
जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि कृष्णा सिंह की हत्या के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की सुपारी तय की गई थी, लेकिन शूटरों को महज 500 रुपये ही दिए गए। एसपी ने बताया कि आरोपियों की हैसियत 20 करोड़ रुपये देने की नहीं है, फिर भी शूटरों को मनमाने पैसे देने की बात हुई थी। आरोपियों ने आपसी संपर्क और नेटवर्क के जरिए शूटरों को हायर किया था। घटना से पहले कई दिनों तक इलाके की रेकी की गई, पीड़ित की दिनचर्या पर नजर रखी गई और फिर सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शमशाद अली, सुनील सिंह, मुकेश कुमार शर्मा, जयप्रकाश राम और अजीत कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। इनमें मुकेश कुमार शर्मा को मुख्य शूटर बताया गया है, जिसने वारदात को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की गहन जांच की जा रही है, जिससे इस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
ये भी पढ़ें: सीएम नीतीश के दौरे का असर, रातों-रात चमकी सड़कें, वर्षों की समस्या तीन दिन में हल
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द
एसपी विनय तिवारी ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही इस पूरे षड्यंत्र के मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए हर पहलू पर गहन जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.