रसी वान डर डुसेन ने लिया संन्यास: दक्षिण अफ्रीका ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से निकाला था; भावुक होकर लिखी ये बातें
रसी वान डर डुसेन ने क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के कॉन्ट्रैक्ट से बाहर होने के एक दिन बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। अपने भावुक पोस्ट में उन्होंने परिवार, टीम, फैंस और साथियों का धन्यवाद किया। शानदार आंकड़ों के साथ उनका करियर खत्म हुआ, लेकिन वह अब भी घरेलू क्रिकेट और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के लिए सक्रिय रहेंगे।
विस्तार
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज 37 साल के रसी वान डर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले यानी बुधवार को ही क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने उन्हें अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया था। इसके बाद गुरुवार को डुसेन ने सोशल मीडिया पर एक लंबा भावुक पोस्ट साझा कर अपने करियर और सफर को याद किया।
South Africa batter announces retirement from international cricket.
— ICC (@ICC) April 2, 2026
More details ⬇️https://t.co/ycjLZCfqmc
'गर्व और कृतज्ञता के साथ संन्यास ले रहा हूं'
डुसेन ने अपने पोस्ट में लिखा, 'मैं गर्व और गहरी कृतज्ञता के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं। प्रोटियाज जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है, जो आपको परखती भी है और आपको शानदार तरीके से पुरस्कृत भी करती है। अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।'
परिवार और सफर को किया याद
उन्होंने अपने शुरुआती जीवन को याद करते हुए लिखा, 'चार भाइयों एड्रियन, निको, सीई और मैं, इनके बीच बड़े होते हुए प्रोटियाज बैज हमारे लिए हमेशा सबसे खास रहा। हम इस खेल को जीते थे और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाना मेरे लिए गर्व की बात थी। मैं अपने माहौल, साथियों के प्यार और महान बनने की चाह का नतीजा हूं।'
टीम, बोर्ड और साथियों का जताया आभार
डुसेन ने अपने पोस्ट में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका, कोच, मैनेजमेंट और टीम के साथियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, 'क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका और सभी कोचों-मैनेजर्स का धन्यवाद, जिन्होंने मुझे प्रोटियाज जर्सी पहनने का मौका दिया।' साथ ही डुसेन ने अपने एजेंट और दोस्त का जिक्र करते हुए कहा, 'आपकी वफादारी और समझदारी मेरे पूरे करियर में मेरी दिशा बनी रही।'
पत्नी और फैंस के लिए खास संदेश
डुसेन ने अपनी पत्नी के लिए लिखा, 'आप हर कदम पर मेरे साथ रहीं… मुश्किल और शानदार दोनों पलों में आपने मेरा साथ दिया।' फैंस को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, 'सड़कों और मैदानों पर रसी-रसी की आवाज सुनना और भरे स्टेडियम में खेलना एक अलग ही एहसास था, जो हमेशा मेरे साथ रहेगा।'
युवा खिलाड़ियों को दी सलाह
डुसेन ने अगली पीढ़ी को प्रेरित करते हुए लिखा, 'बड़े सपने देखो और उन्हें पाने के लिए सब कुछ दे दो। मैं खुद को कभी दूसरों से ज्यादा खास नहीं मानता, लेकिन मैंने अपने सपनों को जिया। आप भी जी सकते हैं।'
अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म, लेकिन क्रिकेट जारी
उन्होंने साफ किया कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर जा रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट खेलते रहेंगे और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे। डुसेन ने लिखा, 'प्रोटियाज के साथ मेरा सफर खत्म हुआ है, लेकिन क्रिकेट के साथ नहीं। मैं लायंस के लिए घरेलू क्रिकेट खेलता रहूंगा और अगली पीढ़ी को सिखाने का काम करूंगा। इसके लिए मैं प्रतिबद्ध हूं।'
एक शानदार करियर का अंत
डुसेन का करियर खासकर वनडे क्रिकेट में शानदार रहा, जहां उन्होंने 50 से ज्यादा की औसत से रन बनाए। वह लंबे समय तक दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए डुसेन ने 18 टेस्ट की 32 पारियों में 30.16 की औसत से 905 रन बनाए। इनमें छह अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 71 वनडे में 50.13 की शानदार औसत से 2657 रन बनाए। इनमें छह शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। 57 टी20 अंतरराष्ट्रीय में डुसेन ने 33.47 की औसत और 128.75 के स्ट्राइक रेट से 1406 रन बनाए। इनमें 10 अर्धशतक शामिल हैं।