Bihar News: 'पहले पत्नी को बुलाओ, तभी उतरूंगा..'. मोबाइल टावर पर चढ़े पति की जिद से मचा हड़कंप
बिहार के सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। कैतुका लच्छी पंचायत निवासी मुकेश कुमार ने चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर उसने साफ कह दिया कि जब तक उसकी पत्नी मौके पर नहीं आएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। घंटों तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की समझाइश के बावजूद युवक नहीं माना। आखिरकार पत्नी के मौके पर पहुंचने के बाद ही वह सुरक्षित नीचे उतरा। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में दिनभर चर्चा होती रही।
चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान कैतुका लच्छी पंचायत निवासी बबन शर्मा के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। मुकेश टेंट-शामियाना का काम करता है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार महीने पहले मुकेश ने गड़खा प्रखंड के अवतार नगर थाना क्षेत्र स्थित कोठियां नाराव गांव की एक युवती से दिघवारा प्रखंड के आमी गांव स्थित अंबिका भवानी मंदिर में प्रेम विवाह किया था।
पत्नी मायके गई तो बढ़ गया विवाद
बताया जा रहा है कि चार दिन पहले मुकेश की पत्नी अपने मायके चली गई थी। पत्नी को वापस लाने के लिए मुकेश ससुराल पहुंचा, लेकिन वहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद ससुराल वालों ने पत्नी की विदाई करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर मुकेश अपने गांव लौट आया और सीधे गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
टावर पर चढ़कर रखी एक ही मांग
मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद मुकेश लगातार यही कहता रहा कि "पहले मेरी पत्नी को बुलाओ, तभी मैं नीचे उतरूंगा।" उसकी इस जिद के कारण मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और प्रशासन ने घंटों किया समझाने का प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद अमनौर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक पुलिस और ग्रामीण युवक को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। स्थानीय पंचायत के मुखिया सुनील राय और प्रशासन लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार मुकेश से शांत रहने और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
ये भी पढ़ें- Bihar: जमीन विवाद का खूनी अंत! पट्टीदारों ने घर में घुसकर की मारपीट; इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
पत्नी के पहुंचते ही टावर से उतरा युवक
काफी मशक्कत के बाद जब मुकेश की पत्नी को मौके पर बुलाया गया, तब जाकर वह टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा गया
घटना के बाद पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कराई और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दिनभर इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा।