वीडियो: 'पंचायत' की शूटिंग खत्म होते ही मेकर्स ने छोड़ा गंदगी का ढेर? वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल
Viral Video: पंचायत वेब सीरीज के नए सीजन की रिलीज से पहले मध्य प्रदेश के मोहदिया गांव से एक वीडियो सामने आया है। इसमें सीरीज के फुलेरा गांव और पंचायत भवन के आसपास कचरा फैला दिखाई दे रहा है। वीडियो बनाने वाले क्रिएटर ने शूटिंग टीम की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं।
विस्तार
जिस वेब सीरीज के गांव फुलेरा ने लोगों का दिल जीत लिया, उसी गांव की असल तस्वीर देखकर अब सोशल मीडिया यूजर्स नाराजगी जता रहे हैं। दरअसल, 'पंचायत' वेब सीरीज के नए सीजन की रिलीज से पहले मध्य प्रदेश के एक गांव का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सीरीज के सेट यानी पंचायत ऑफिस के आसपास कचरा फैला नजर आ रहा है। वीडियो बनाने वाले शख्स ने शूटिंग करने वाली टीम को जिम्मेदारी याद दिलाते हुए कहा कि जिस जगह पर शूटिंग की जाती है, उसे साफ रखना भी प्रोडक्शन टीम की जिम्मेदारी है।
पंचायत ऑफिस के बाहर दिखा कचरे का ढेर
दरअसल, मध्य प्रदेश के क्रिएटर शिवम चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया है। इसमें वह मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के मोहदिया गांव में पहुंचकर 'पंचायत' वेब सीरीज के सेट का हाल दिखाते नजर आते हैं। वीडियो में वह बताते हैं कि कुछ देर पहले ही यहां सीरीज के प्रोमो की शूटिंग चल रही थी। शूटिंग खत्म होने के बाद जब वह आसपास का नजारा दिखाते हैं तो जगह-जगह खाने-पीने की चीजें और कचरा बिखरा दिखाई देता है।शिवम का दावा है कि शूटिंग टीम साफ-सुथरे गांव को गंदा करके चली गई। वह वीडियो में यह भी बताते हैं कि गांव में अभी दो वैनिटी वैन खड़ी हैं। जब उन्होंने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि शूटिंग करने वाले बाकी लोग कहां हैं, तो उन्हें बताया गया कि वे शूटिंग करके जा चुके हैं।
Panchayat entertained millions, but is this how its production team repays the village that gave the show its identity? According to a man who visited Phulera today, plastic waste, disposable plates and leftover food were scattered everywhere after the shoot. Shooting khatam, responsibility bhi khatam? You came, earned and left, but villagers are left with your garbage. Phulera is not your personal dustbin! If you can afford a big production, you can afford to clean up after it. Who is accountable?
— Ankit Pandey (@iamankitpande) November 24, 2026
प्रोडक्शन टीम को याद दिलाई जिम्मेदारी
वीडियो में शिवम यह भी दिखाते हैं कि सीरीज में नजर आने वाली पंचायत ऑफिस की बिल्डिंग तो साफ है, लेकिन उसके आसपास का इलाका गंदगी से भरा हुआ है। इस पर वह प्रोडक्शन टीम से सवाल करते हुए कहते हैं कि सिर्फ शूटिंग की जगह को ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाके को भी साफ रखना उनकी जिम्मेदारी है। अपने कैप्शन में शिवम ने निराशा जाहिर करते हुए लिखा कि जिस सीरीज ने एक गांव के नाम को लाखों लोगों के दिलों तक पहुंचाया, उसी जगह पर फैली गंदगी देखकर उन्हें दुख हुआ। बेहतरीन कंटेंट बनाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उन जगहों का सम्मान करना भी है, जहां इसकी शूटिंग होती है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'बनराकस का राज चल रहा है भाई।' वहीं दूसरे ने कमेंट किया, 'और दो बनराकस को वोट।' एक अन्य यूजर ने कहा कि गलत मैसेज नहीं देना चाहिए, हो सकता है कि वहां सफाई होने वाली हो। वहीं एक यूजर ने प्रोडक्शन टीम का बचाव करते हुए लिखा कि इतने वर्षों से शो बना रहे लोग ऐसी गलती नहीं करेंगे। फिलहाल, इस वीडियो ने शूटिंग के दौरान सार्वजनिक जगहों की साफ-सफाई और प्रोडक्शन टीम की जिम्मेदारी को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
