The Bonus Market Update: लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार; सेंसेक्स 829 अंक टूटा, निफ्टी 23700 के नीचे
Sensex-Nifty Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 829.29 अंक गिरकर 76,034.42 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 227.70 अंक गिरकर 23,639.15 अंक पर बंद हुआ।
विस्तार
पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि के चलते गुरुवार को बेंचमार्क शेयर सूचकांकों में भारी गिरावट दर्ज की गई।बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में करीब एक प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 829.29 अंक या 1.08 प्रतिशत गिरकर 76,034.42 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 992.53 अंक या 1.29 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 75,871.18 पर पहुंच गया। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 227.70 अंक या 0.95 प्रतिशत गिरकर 23,639.15 पर बंद हुआ। रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे की गिरावट के साथ 92.17 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, इसके शेयरों में 4.23 प्रतिशत की गिरावट आई, इसके बाद मारुति, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और ट्रेंट का नंबर रहा। इसके विपरीत, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और रिलायंस इंडस्ट्रीज विजेता रहे।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के अनुसंधान प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव वैश्विक जोखिम लेने की प्रवृत्ति को कम कर रहा है, क्योंकि तेल परिवहन जहाजों पर नए हमलों ने कच्चे तेल की कीमतों को 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचा दिया है, जिससे मुद्रास्फीति और गैस आपूर्ति की कमी को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
यूरोपीय बाजारों में दिखी गिरावट
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई का एसएसई कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भाव नकारात्मक दायरे में थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार अधिकतर गिरावट के साथ बंद हुआ।
ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर 96.47 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 4.78 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 96.47 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बाजार विनिमय आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 6,267.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,965.53 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बुधवार को सेंसेक्स 1,342.27 अंक या 1.72 प्रतिशत गिरकर 76,863.71 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 394.75 अंक या 1.63 प्रतिशत गिरकर 23,866.85 पर समाप्त हुआ।
कमेंट
कमेंट X