सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   afety of Indian sailors stranded in Hormuz is our top priority, MEA said, adding talks are ongoing with Iran

MEA: 'होर्मुज में फंसे भारतीय नाविकों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता', जायसवाल बोले- ईरान से हो रही लगातार बातचीत

बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Riya Dubey Updated Mon, 20 Apr 2026 04:55 PM IST
विज्ञापन
सार

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत पूरी तरह सतर्क है और प्रधानमंत्री के निर्देश पर गल्फ देशों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया कि अजीत डोभाल ने सऊदी अरब दौरे के दौरान क्षेत्रीय हालात और द्विपक्षीय संबंधों पर अहम चर्चा की।

afety of Indian sailors stranded in Hormuz is our top priority, MEA said, adding talks are ongoing with Iran
विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रणधीर जायसवाल - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार

भारत सरकार ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री सुरक्षा और भारतीय नागरिकों की मदद को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में घरेलू गैस, बंदरगाह संचालन और आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं, जबकि विदेश मंत्रालय लगातार भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है।

Trending Videos

खाड़ी देशों के साथ भारत की बातचीत जारी 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर खाड़ी देशों के साथ भारत की सक्रिय बातचीत जारी है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने 19 अप्रैल को सऊदी अरब का आधिकारिक दौरा किया, जहां उन्होंने ऊर्जा मंत्री, विदेश मंत्री और अपने समकक्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय स्थिति और आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा हुई।

विज्ञापन
विज्ञापन

होर्मुज से भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर जोर

जायसवाल ने कहा कि भारत ईरान और अन्य देशों के संपर्क में है ताकि होर्मुज से भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि शनिवार को हुई फायरिंग की घटना की जानकारी मिलते ही भारत ने इस मामले को गंभीरता से उठाया।

भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर क्या बोले?

उन्होंने कहा कि भारतीय पक्ष ने ईरान के राजदूत को तलब किया और विदेश सचिव स्तर पर बैठक कर गहरी चिंता जताई। भारत ने साफ कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समुद्री मार्गों पर बिना किसी बाधा के आवाजाही होनी चाहिए। जयसवाल के मुताबिक, ईरानी राजदूत ने आश्वासन दिया कि भारत की चिंताओं को तेहरान स्थित संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संपर्क लगातार जारी है।

भारतीय दूतावास और बंदरगाह 24 घंटे हेल्पलाइन चला रहे हैं

विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (गल्फ) असीम महाजन ने बताया कि क्षेत्र में भारतीय दूतावास और बंदरगाह 24 घंटे हेल्पलाइन चला रहे हैं। उड़ानों, यात्रा व्यवस्था, वाणिज्य दूतावास सेवाओं और भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गल्फ एयर ने बहरीन और भारत के बीच सीमित उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना की घोषणा की है। अब तक 2,423 भारतीय नागरिक ईरान और अजरबैजान  से बाहर निकाले जा चुके हैं। साथ ही जॉर्डन और मिस्र से भारतीय नागरिकों की भारत वापसी भी सुगम बनाई जा रही है।

एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है- सुजाता शर्मा

पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में घरेलू एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी गैस खत्म होने जैसी स्थिति सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब उसे 70 प्रतिशत तक बहाल कर दिया गया है। प्राकृतिक गैस की 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिसमें घरेलू जरूरतों और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने बताया कि जिन राज्यों ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क के विस्तार में सहयोग दिया है, उन्हें 10 प्रतिशत अतिरिक्त कमर्शियल एलपीजी दी जा रही है। वर्तमान में 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अतिरिक्त एलपीजी उपलब्ध कराई जा रही है।

भारतीय जहाजों पर हुई फायरिंग 

वहीं, बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि पिछले 48 घंटों में भारत के दो जहाज होर्मुज से गुजरते समय फायरिंग की घटना का शिकार हुए, जिसके बाद दोनों जहाज वापस फारस की खाड़ी लौट गए। हालांकि किसी भी चालक दल के सदस्य को चोट नहीं पहुंची।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। महानिदेशक शिपिंग के माध्यम से अब तक 2,563 भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई है, जिनमें पिछले 24 घंटों में 25 नाविक शामिल हैं। देशभर के बंदरगाहों पर संचालन सामान्य है और कहीं भी भीड़भाड़ की स्थिति नहीं है।
 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed