Biz Updates: विनिर्माण पांच साल में सबसे कम; US में बोइंग के सबसे छोटे मैक्स 7 जेटलाइनर को एक दशक बाद मंजूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत के विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र की वृद्धि जुलाई 2026 में लगभग पांच वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। इसकी रफ्तार मापने वाला एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण क्रय प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) जुलाई में घटकर 53.5 पर आ गया, जो जून में 54.2 था। यह अगस्त 2021 के बाद सबसे निचला स्तर है। नए ऑर्डरों में वृद्धि पिछले चार वर्षों में दूसरी बार सबसे कमजोर रही। एचएसबीसी की मुख्य भारत अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा, पश्चिम एशिया तनाव फिर बढ़ने से कंपनियां आपूर्ति सुनिश्चित कर संभावित जोखिम सीमित करने का प्रयास कर रही हैं।
बोइंग के सबसे छोटे मैक्स 7 जेटलाइनर को एक दशक बाद मंजूरी
अमेरिकी संस्था- फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सोमवार को (स्थानीय समय) बोइंग के सबसे छोटे मैक्स 7 जेटलाइनर को वाणिज्यिक सेवा के लिए मंजूरी दी। विमान के अनावरण के लगभग एक दशक बाद यह मंजूरी मिली। एफएए ने वर्षों के परीक्षण, डिजाइन परिवर्तनों और सुरक्षा प्रणालियों की समीक्षा के बाद इसे मंजूरी दी। बड़े मैक्स 8 के दो हादसों के कारण प्रमाणन में देरी हुई। इन हादसों में 2018 और 2019 में 346 लोग मारे गए थे। इंडोनेशिया और इथियोपिया के हादसों के बाद एफएए ने बोइंग विमानों को प्रमाणित करने के तरीके में सुधार किया। एफएए ने बोइंग से उड़ान-नियंत्रण सॉफ्टवेयर अपडेट और पायलटों के लिए कॉकपिट चेतावनी सुधारने जैसे सुरक्षा परिवर्तन मांगे। मैक्स 7 का उपयोग मुख्य रूप से छोटी और मध्यम दूरी की उड़ानों के लिए किया जाएगा।
जुलाई में रेलवे की माल ढुलाई 9% बढ़ी, यात्री 63 करोड़ से ज्यादा
भारतीय रेलवे ने जुलाई में परिचालन के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। इस दौरान माल ढुलाई, यात्री यातायात और राजस्व में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जुलाई माह में 141.3 मिलियन टन माल का लदान किया, जबकि पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 129.7 मिलियन टन था। इस तरह माल ढुलाई में 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह बढ़ोतरी देश के प्रमुख आर्थिक क्षेत्रों में लगातार बनी मांग और माल परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों का नतीजा है। रेलवे ने यात्री परिवहन के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन किया। इस दौरान रेलवे ने 63.35 करोड़ यात्रियों को सफर कराया, जबकि जुलाई 2025 में यह संख्या 62.19 करोड़ थी। रेलवे के अनुसार, उपनगरीय और गैर-उपनगरीय दोनों क्षेत्रों में यात्री संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह देशभर में रेल यात्रा के प्रति यात्रियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। जुलाई 2026 में माल ढुलाई से 1,137 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व मिला, जो पिछले साल की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक है। जोनल रेलवे में पूर्व-मध्य रेलवे और पूर्व रेलवे ने 33-33 प्रतिशत, पश्चिम-मध्य रेलवे ने 23 प्रतिशत और दक्षिण-पूर्व रेलवे ने 10.33 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि दर्ज की।
चालू खरीफ सीजन में फसलों की बुवाई जुलाई तक पिछले वर्ष की तुलना में करीब 3 फीसदी घटकर 894.22 लाख हेक्टेयर रह गई है। यह सामान्य खरीफ क्षेत्र का करीब 81 फीसदी है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक 920.71 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बुवाई हो चुकी थी। पूरे 2025-26 सीजन में कुल रकबा 1,143.27 लाख हेक्टेयर था। कृषि मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 31 जुलाई तक धान की बुवाई 301.49 लाख हेक्टेयर में हुई, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 308.39 लाख हेक्टेयर थी। वहीं, दालों का रकबा घटकर 95.18 लाख हेक्टेयर रह गया, जो पिछले वर्ष 101.60 लाख हेक्टेयर था। मोटे अनाज का क्षेत्र 170.60 लाख हेक्टेयर से घटकर 157.77 लाख हेक्टेयर रहा, जबकि कपास का रकबा घटकर 103.54 लाख हेक्टेयर रह गया। पिछले वर्ष 106.06 लाख हेक्टेयर में कपास की बुवाई हुई थी। दो अगस्त तक दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से 12 फीसदी कम रहा है।
फर्जी आईपीओ निवेश घोटाला: यूपी एसटीएफ ने नागपुर से मुख्य आरोपी को पकड़ा
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने नागपुर से वांछित साइबर धोखाधड़ी आरोपी अनुराग अरविंद श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। यह करोड़ों रुपये के फर्जी आईपीओ निवेश घोटाले से जुड़ी है। एसटीएफ ने आरोपी को 31 जुलाई को उसके आवास से पकड़ा। उसके पास से लैपटॉप, आईफोन, कंपनी सील, टाटा नेक्सन कार, करोड़ों रुपये के चेक सहित दस्तावेज मिले। गिरोह फर्जी सोशल मीडिया विज्ञापनों व निवेश प्लेटफॉर्म से निवेशकों को लुभाता था। व्हाट्सएप समूहों में फर्जी लाभ के स्क्रीनशॉट दिखाकर विश्वास जीतते थे। फर्जी निवेश एप्लीकेशन से पैसा जमा कराया जाता, जिसे कई बैंक खातों में भेजा गया। श्रीवास्तव ने 2022 में माई ग्राउंड एलेवन गेमिंग जोन प्राइवेट लिमिटेड बनाई। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर 3,000 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी से जुड़े बैंक खातों में करीब 2 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए।