Mexico Violence: हिंसा के बीच एयरपोर्ट पर फंसा इंजीनियर, कंपनी ने बुक की अमेरिका जाने वाली हर फ्लाइट
मैक्सिको में हिंसा भड़कने के दौरान ग्वाडलाहारा एयरपोर्ट पर फंसे अपने कर्मचारी को सुरक्षित निकालने के लिए वर्सेल कंपनी ने अमेरिका जाने वाली सभी फ्लाइट्स की टिकट बुक कर दी, जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ सुरक्षित डलास पहुंच गया।
विस्तार
मैक्सिको के कई हिस्सों में रविवार को हिंसा भड़क गई, जब कुख्यात ड्रग सरगना एल मेंचो के मारे जाने की खबरें सामने आईं। हालात बिगड़ने से सड़कों पर यातायात ठप हो गया और देश के कई व्यस्त हवाई अड्डों पर अफरातफरी के बीच उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इस उथल-पुथल के बीच अमेरिका की क्लाउड प्लेटफॉर्म कंपनी वर्सेल ने अपने एक कर्मचारी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विशेष इंतजाम किए। कंपनी ने ग्वाडलाहारा से अमेरिका जाने वाली उपलब्ध सभी उड़ानों में सीटें बुक कर दीं, ताकि उनका कर्मचारी सुरक्षित देश से निकल सके।
कर्मचारी को कैसे निकाला जा सका सुरक्षित
कंपनी के सॉफ्टवेयर इंजीनियर एंड्रयू बार्बा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हिंसा बढ़ने के दौरान वह अपनी पत्नी के साथ ग्वाडलाहारा एयरपोर्ट पर मौजूद थे और हालात बिगड़ने पर दोनों को एयरपोर्ट के एक शौचालय में शरण लेनी पड़ी। इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर थी और कई फ्लाइट्स रद्द हो चुकी थीं, जिससे स्थिति अनिश्चित बनी हुई थी।
10 hours ago I was in Guadalajara on way to Puerto Vallarta when chaos broke out in the airport and had to hide in a bathroom. Vercel leadership got together and didn’t stop until my wife and I were safe. Internet barely worked so they booked every US bound flight on our behalf,…
— Andrew Barba (@andrew_barba) February 23, 2026
इस बीच अमेरिका में मौजूद वर्सेल की लीडरशिप टीम ने तेजी से कदम उठाते हुए अमेरिका जाने वाली हर संभावित फ्लाइट की टिकट बुक कर दी, ताकि किसी भी उपलब्ध उड़ान से कर्मचारी को सुरक्षित निकाला जा सके।
आखिरकार उनकी रणनीति सफल रही और बार्बा अपनी पत्नी के साथ एक उड़ान से डलास, टेक्सास सुरक्षित पहुंच गए। करीब तीन साल से कंपनी के साथ जुड़े बार्बा ने इस संकट के दौरान कंपनी के असाधारण सहयोग के लिए आभार जताया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर कंपनी की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है, जबकि कई यूजर्स ने कर्मचारी के सुरक्षित बाहर निकलने पर राहत जताई।