बजट 2021: इस नेता ने पेश किया सबसे ज्यादा बार बजट, बाद में बने थे देश के पीएम
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज केंद्रीय बजट पेश करेगी। यह तीसरी बार है, जब वह देश की आम जनता के लिए अपना पिटारा खोलेंगी। हालांकि, देश में एक वित्त मंत्री ऐसे भी थे, जिन्होंने बजट पेश करने में एक रिकॉर्ड कायम किया था। बाद में वहह देश के प्रधानमंत्री भी बने थे।
मोरारजी देसाई के नाम है रिकॉर्ड
देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के मंत्रिमंडल में वित्त मंत्री रहे मोरारजी देसाई ने कुल 10 बार बजट को पेश किया। इसमें दो बार अंतरिम बजट भी शामिल है। दो बार मोरारजी ने अपने जन्मदिन (29 फरवरी) को भी बजट पेश किया था। 1959-60 से 1963-64 के बीच 5 बार, 1967-68 से 1969-70 के बीच 3 बार, 1962-63 और 1967-68 के अंतरिम बजट पेश किया था। 1964 और 1968 में मोरारजी ने अपने जन्मदिन पर बजट को पेश किया था।
लिया था यह बड़ा फैसला
मोरारजी देसाई ने अपने जन्मदिन पर 1968 में पेश किए बजट में उद्योगों के लिए एक बड़ी राहत का एलान किया था। तब तैयार माल के फैक्ट्री गेट से बाहर निकलने से पहले एक्साइज विभाग द्वारा असेसमेंट किया जाता था। मोरारजी ने इस व्यवस्था में बदलाव किया था। अब कंपनियों को अपने सामान की सेल्फ असेसमेंट करने का अधिकार मिला हुआ है।
इमरजेंसी के बाद बने थे पीएम
1975 में इंदिरा गांधी द्वारा इमरजेंसी लगाने के बाद ढाई साल बाद हुए चुनावों में मोरारजी देसाई ने जनता पार्टी की सरकार बनाई थी। इससे पहले मोरारजी कांग्रेस पार्टी के नेता थे, लेकिन इंदिरा गांधी से अनबन के चलते वो पार्टी से बाहर हो गए थे।
इन्होंने पेश किया है 7 बार बजट
मोरारजी के बाद देश में कुल चार ही वित्तमंत्री ऐसे हुए हैं, जिन्होंने 7 बार बजट को पेश करने का कीर्तिमान हासिल किया है। इनमें प्रणब मुखर्जी, पी.चिदंबरम, यशवंत सिन्हा, वाई.बी. चाह्वाण शामिल हैं।