Crude Oil: ईरान-इस्राइल टकराव से तेल बाजार में भूचाल; ब्रेंट क्रूड का भाव 112 डॉलर के पार, सप्लाई पर संकट
पश्चिम एशिया में हमलों के बाद ब्रेंट क्रूड 4% से ज्यादा बढ़कर 112 डॉलर के पार पहुंच गया, जिससे वैश्विक ऊर्जा सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। आइए विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। ब्रेंट क्रूड चार प्रतिशत से अधिक बढ़कर 112.17 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में संभावित बाधाओं को लेकर बढ़ती चिंता के बीच यह तेजी देखी गई।
इस्राइल ने ईरान के तेल ठिकानों पर निशाना साधा
दरअसल, क्षेत्र में ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमलों ने हालात को और गंभीर बना दिया है। बुधवार रात (स्थानीय समय) इस्राइल ने ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमला किया। इसके जवाब में ईरान ने कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी को निशाना बनाया, जो दुनिया के सबसे बड़े एलएनजी (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) उत्पादन केंद्रों में शामिल है।
कतर के रक्षा मंत्रालय ने क्या बताया?
कतर के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी पर ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया, जिससे भारी नुकसान हुआ। बताया गया कि पिछले 12 घंटों में इस महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्र पर यह दूसरा हमला है, जिससे वैश्विक ऊर्जा परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
कतरएनर्जी ने एक आधिकारिक बयान में हमले की पुष्टि की। कंपनी ने कहा कि रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी पर मिसाइल हमले हुए हैं, जिसके बाद तुरंत इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया। आग पर काबू पाने की कोशिश की गई है और व्यापक नुकसान हुआ है। हालांकि, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
वैश्विक बाजारों में बढ़ी चिंता
इस घटनाक्रम ने वैश्विक बाजारों में चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि पश्चिम एशिया दुनिया की तेल और गैस आपूर्ति का अहम केंद्र है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तरह के हमले जारी रहते हैं, तो वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है और कच्चे तेल की कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है। अल जजीरा की रिपोर्ट्स के अनुसार, इस्राइली लड़ाकू विमानों ने ईरान के बुशेहर स्थित एक गैस सुविधा को भी निशाना बनाया है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
कमेंट
कमेंट X