फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Junk food linked to obesity diabetes high bp One in three children junk food victim government may impose tax

मोटापा, डायबिटीज और हाई बीपी का कारण जंक फूड: हर तीसरा बच्चा जंक फूड का शिकार; सरकार चला सकती है टैक्स का डंडा

Sun, 26 Jul 2026 06:02 AM IST
प्रशांत तिवारी अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो Published by: प्रशांत तिवारी Updated Sun, 26 Jul 2026 06:02 AM IST
सार

आईसीएमआर-एनआईएन की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में जंक फूड और शक्कर वाले पेय बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। देश में 5-19 वर्ष के करोड़ों बच्चे मोटापा, प्री-डायबिटीज, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। रिपोर्ट में हेल्थ टैक्स, सख्त विज्ञापन नियंत्रण, पैकेट पर चेतावनी लेबल और स्कूलों के आसपास जंक फूड की बिक्री रोकने जैसे उपाय सुझाए गए हैं।

विज्ञापन
Junk food linked to obesity diabetes high bp One in three children junk food victim government may impose tax
जंक फूड - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

चिप्स, पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज, पैकेट वाले स्नैक्स, कोल्ड ड्रिंक, मोमो और मीठे पेय जैसे जंक फूड बच्चों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। आलम यह है कि देश में 5-19 वर्ष के 4.1 करोड़ बच्चे अधिक वजन या मोटापे से पीड़ित हैं। करीब 10 प्रतिशत बच्चे प्री-डायबिटीज और एक फीसदी किशोर डायबिटीज से ग्रस्त हैं। वहीं, पांच फीसदी किशोर हाई ब्लड प्रेशर से जूझ रहे हैं। यानी हर तीन में से एक बच्चा किसी न किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का शिकार है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआईएन) ने सरकार को सौंपी अपनी रिपोर्ट में ऐसे खाद्य पदार्थों और शक्कर वाले पेय पर स्वास्थ्य कर (हेल्थ टैक्स) लगाने या मौजूदा कर बढ़ाने की सिफारिश की है।
विज्ञापन


क्या है एचएफएसएस फूड और यह क्यों बन रहा है बच्चों का दुश्मन?
जंक फूड को एचएफएसएस (HFSS) यानी ज्यादा फैट, ज्यादा चीनी और ज्यादा नमक वाला खाद्य पदार्थ कहा जाता है। इनमें अक्सर ट्रांस फैट, सैचुरेटेड फैट, रिफाइंड आटा, कृत्रिम फ्लेवर और कई तरह के एडिटिव्स होते हैं। इनमें पोषण कम और कैलोरी अधिक होती है। यही वजह है कि इन्हें नियमित खाने से वजन तेजी से बढ़ता है और शरीर में कई बीमारियां पनपने लगती हैं। लगातार सेवन करने से बच्चों और किशोरों में मोटापा बढ़ता है, जो आगे चलकर डायबिटीज, हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर और कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों का कारण बन सकता है।
विज्ञापन


सिर्फ 14 साल में जंक फूड का बाजार 150 फीसदी कैसे बढ़ गया?
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड (यूपीएफ) का बाजार तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2006 में यह बाजार 0.9 अरब डॉलर का था, जो 2019 तक बढ़कर 37.9 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं, 2009 से 2023 के बीच ऐसे उत्पादों की बिक्री करीब 150 प्रतिशत बढ़ी। रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी सबसे बड़ी वजह आक्रामक प्रचार-प्रसार है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बच्चों तक जंक फूड पहुंचाने में विज्ञापन कितनी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं?
बच्चों को टीवी, मोबाइल, सोशल मीडिया, क्रिकेट मैचों, स्कूलों के आसपास और इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग के जरिए लगातार जंक फूड के विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों के टीवी चैनलों पर प्रसारित होने वाले करीब 90 फीसदी विज्ञापन ऐसे ही खाद्य पदार्थों के होते हैं।
92.6 प्रतिशत अभिभावकों ने बताया कि स्कूल और कॉलेजों के आसपास ऐसे खाद्य पदार्थ आसानी से उपलब्ध हैं। बड़े क्रिकेट आयोजनों के दौरान 80 प्रतिशत से अधिक विज्ञापन अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों और शक्कर वाले पेय पदार्थों के होते हैं।

दुनिया के दूसरे देशों ने क्या कदम उठाए और क्या नतीजे मिले?
भारत में जंक फूड की बिक्री और प्रचार-प्रसार को लेकर कई नियम पहले से मौजूद हैं, लेकिन सख्ती से पालन न होने के कारण इनका अपेक्षित असर नहीं दिख रहा है। ऐसे में रिपोर्ट में नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने की सिफारिश की गई है।

चिली में सख्त कानून लागू होने के बाद मीठे पेय की खपत 20-30 प्रतिशत तक घट गई।
  • दक्षिण कोरिया में जंक फूड के टीवी विज्ञापन 81 प्रतिशत कम हो गए।
  • ब्रिटेन में बच्चों के सामने ऐसे विज्ञापनों का प्रसारण 37 प्रतिशत घटा।
  • नॉर्वे ने वर्ष 2026 से 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को लक्षित डिजिटल जंक फूड विज्ञापनों पर रोक लगा दी है।
  • अगर हेल्थ टैक्स लगा तो क्या-क्या बदल सकता है?

जंक फूड होगा महंगा : तंबाकू और शराब की तरह 'सिन टैक्स' की तर्ज पर ज्यादा फैट, नमक और चीनी वाले खाद्य पदार्थों तथा शक्कर वाले पेय पर टैक्स बढ़ाया जा सकता है। इसका उद्देश्य जंक फूड को महंगा और पौष्टिक भोजन को अपेक्षाकृत सस्ता बनाना है।


क्या पैकेट पर चेतावनी लिखना होगा जरूरी?
हर पैकेट के सामने बड़े अक्षरों में शुगर, फैट और नमक की मात्रा लिखना अनिवार्य किया जा सकता है, ताकि उपभोक्ता कुछ ही सेकंड में यह समझ सके कि उत्पाद स्वास्थ्य के लिए कितना सुरक्षित है। साथ ही स्कूलों और उनके आसपास जंक फूड की बिक्री पर रोक लगाने का भी सुझाव दिया गया है।

ये भी पढ़ें: The Debt Trap: कमाई से ज्यादा ईएमआई, क्या कर्ज के जानलेवा चक्रव्यूह में फंस रहा है देश का मिडिल क्लास?

 कौन-सा जंक फूड किस बीमारी का कारण बन रहा है?
 
खाद्य पदार्थ संभावित बीमारी
चिप्स/फ्रेंच फ्राइज हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा
बर्गर-पिज्जा मोटापा, हृदय रोग
कोल्ड ड्रिंक डायबिटीज, फैटी लिवर
केक-पेस्ट्री मोटापा, हाई ब्लड शुगर
टॉफी-चॉकलेट दांतों की सड़न, मोटापा
इंस्टेंट नूडल्स हाई ब्लड प्रेशर, किडनी पर असर
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed