The Bonus Market Update: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, सेंसेक्स 122 अंक फिसला, निफ्टी 24200 से नीचे आया
The Bonus Market Update: घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार के दिन लाल निशान पर क्लोजिंग हुई। शुरुआती बढ़त गंवाकर 30 शेयरों का बीएसई सेंसेक्स 122.56 (-0.16%) अंकों की गिरावट के साथ 77,988.68 के स्तर पर बंद हुआ।दूसरी ओर, निफ्टी 34.55 (-0.14%) अंक टूटकर 24,196.75 के स्तर पर बंद हुआ। आइए बाजार की चाल के बारे में विस्तार से जानें।
विस्तार
घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान बड़ा उतार-चढ़ाव दिखा। बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी मजबूती के साथ छलांग लगाते दिखे। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ बाजार में बिकवाली हावी हो गई।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 122.56 अंक या 0.16 प्रतिशत गिरकर 77,988.68 पर बंद हुआ। सूचकांक में तेजी के साथ शुरुआत हुई और सुबह के कारोबार के अंत तक यह 78,730.32 के उच्च स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, उच्च स्तर पर मुनाफावसूली के कारण सूचकांक गिरकर 77,674.93 के निचले स्तर पर आ गया। सत्र के दौरान सूचकांक में 1,055.39 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया। ओएनजीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में दो प्रतिशत की गिरावट आई।
बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के शेयरों में दिखी मुनाफावसूली
शुरुआती कारोबार में तेज तेजी के बाद बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में मुनाफावसूली के चलते गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी जैसे बेंचमार्क सूचकांक उतार-चढ़ाव भरे सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। घरेलू बेंचमार्क सूचकांक ओपनिंग के दौरान हासिल अपनी बढ़त को गंवाते हुए लाल निशान पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 34.55 अंक या 0.14 प्रतिशत गिरकर 24,196.75 पर बंद हुआ। भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने के बाद बुधवार को दोनों प्रमुख सूचकांकों में 1 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस प्रमुख रूप से पिछड़ने वाली कंपनियां थीं। ट्रेंट, इटरनल, अदानी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफोसिस प्रमुख विजेताओं में शामिल थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत बढ़कर 96.36 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स के 30 शेयरों का क्या हाल?
बाजार की चाल पर जानकारों की क्या राय?
रिसर्च एनालिस्ट और लिवेलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा, "भारतीय बाजारों में आज उतार-चढ़ाव भरा सत्र देखने को मिला, जो हालिया तेज रिकवरी के बाद दिशात्मक गति से समेकन की ओर बदलाव को दर्शाता है। वैश्विक संकेतों में सुधार और भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी के चलते सूचकांक सकारात्मक शुरुआत के साथ खुला, लेकिन दिनभर मुनाफावसूली के चलते उच्च स्तर को बनाए रखने में विफल रहा।"
हरिप्रसाद के अनुसार पश्चिम एशिया संकट के कारण भावनाएं संवेदनशील बनी हुई हैं। उन्होंने कहा, "अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर की संभावना ने कच्चे तेल की कीमतों को नरम करने में मदद की, इससे महंगाई से जुड़ी चिंताओं को कुछ हद तक राहत मिली। हालांकि, बाजार अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख सकता इससे पता चलता है कि निवेशक अब भी सतर्कता बरत रहे हैं।"
कैसी रही वैश्विक बाजार की चाल?
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक काफी अधिक बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजारों में सकारात्मक रुझान देखने को मिला। बुधवार को अमेरिकी बाजार अधिकतर बढ़त के साथ बंद हुए।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 666.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बुधवार को सेंसेक्स 1,263.67 अंक या 1.64 प्रतिशत बढ़कर 78,111.24 पर बंद हुआ। निफ्टी 388.65 अंक या 1.63 प्रतिशत चढ़कर 24,231.30 पर समाप्त हुआ।
