The Bonus Market Update: आज सेंसेक्स 3200+ और निफ्टी 1200+ अंक उछला; ट्रेड डील के बाद शेयर बाजार में बंपर उछाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर लागू टैरिफ घटाकर 18 फीसदी करने और व्यापार समझौते पर सहमति के एलान का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। भारतीय शेयर बाजार में सुबह से ही बड़ी तेजी देखी जा रही है। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 3200 से अधिक अंक तक चढ़ गया, जबकि निफ्टी भी 1200 अंक से ज्यादा उछला है।
विस्तार
भारत और अमेरिका के बीच सोमवार रात को व्यापार समझौते के एलान का बड़ा असर मंगलवार सुबह शेयर बाजार पर साफ देखा जा रहा है। आम बजट के दिन (01 फरवरी) को भारी गिरावट के बाद शेयर बाजार ने मंगलवार को जोरदार वापसी की। सेंसेक्स ने 3200 तो तो निफ्टी ने 1200 अंकों की बड़ी छलांग लगाई।
अमेरिका के साथ समझौते के बाद बाजार में बंपर उछाल
मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 3,656.74 अंक बढ़कर 85,323.20 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 1,219.65 अंक बढ़कर 26,308.05 पर पहुंच गया। कारोबार शुरू होने के डेढ़ घंटे बाद 11 बजे भी बाजार में तेजी बनी हुई है।
बाद में, दोनों बेंचमार्क सूचकांकों ने अपनी बढ़त को और आगे बढ़ाया। बीएसई बेंचमार्क 4,205.27 अंक या 5.14 प्रतिशत बढ़कर 85,871.73 पर पहुंच गया। निफ्टी 1,252.8 अंक या 4.99 प्रतिशत बढ़कर 26,341.20 पर पहुंच गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में सूचीबद्ध अधिकांश कंपनियों के शेयर में तेजी बरकरार है।
रिलायंस-अदाणी समेत इन शेयरों में आई तेजी
18 फीसदी टैरिफ घटने और व्यापार समझौते पर सहमति का असर शेयर बाजार में दिन की शुरुआत से ही देखने को मिला। रिलायंस-अदाणी समेत कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में तूफानी तेजी देखी गई। जानकारी के मुताबिक अडानी पोर्ट का शेयर 6.91 प्रतिशत तक उछल। दिग्गज कंपनी रिलायंस का शेयर भी 4 फीसदी की तेजी के साथ नजर आया।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स सूची में शामिल कंपनियों में अदानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, एटर्नल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 7.2-3.7 प्रतिशत की तेज बढ़त देखी गई। ब्लू-चिप कंपनियों के समूह में एकमात्र पिछड़ने वाली कंपनी के रूप में आईटीसी उभरी।
एशियाई बाजारों में दिखी तेजी
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 5 प्रतिशत बढ़कर फिर से मजबूत हुआ। जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी उच्च स्तर पर कारोबार कर रहे थे। सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
ब्रेंट क्रूड का भाव गिरकर 65.96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत में 0.51 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 65.96 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सोमवार को सेंसेक्स 943.52 अंक या 1.17 प्रतिशत बढ़कर 81,666.46 पर बंद हुआ। निफ्टी 262.95 अंक या 1.06 प्रतिशत चढ़कर 25,088.40 पर समाप्त हुआ।
