US Shutdown: ट्रंप के हस्ताक्षर से खत्म हुआ आंशिक शटडाउन, क्या पटरी पर लौट रही अमेरिकी सरकार?
अमेरिका में तीन दिनों से जारी आंशिक सरकारी शटडाउन राष्ट्रपति ट्रंप के खर्च विधेयक पर हस्ताक्षर के बाद समाप्त हो गया। इस कदम से अधिकांश संघीय विभागों को वित्त वर्ष के शेष समय के लिए फंडिंग मिल गई है। हालांकि, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के लिए फंडिंग केवल अस्थायी है।
विस्तार
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार दोपहर एक व्यापक खर्च पैकेज पर हस्ताक्षर कर संघीय सरकार को दोबारा खोल दिया। ओवल ऑफिस में हस्ताक्षर के बाद ट्रंप ने कहा कि मुझे खुशी है कि मैं समेकित विनियोग अधिनियम पर हस्ताक्षर कर रहा हूं। इससे संघीय सरकार तुरंत फिर से खुल गई है और वित्त वर्ष के बाकी हिस्से के लिए अधिकांश विभागों को फंडिंग मिल सकेगी।
होमलैंड सिक्योरिटी विभाग को मिली अस्थायी राहत
राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के साथ ही तीन दिनों से जारी आंशिक सरकारी शटडाउन समाप्त हो गया। हालांकि, इस कानून के तहत होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) के लिए केवल अस्थायी राहत मिली है और दो हफ्तों बाद फिर से फंडिंग का संकट खड़ा हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डीएसएस के लिए अगली समयसीमा दो सप्ताह बाद तय है।
फंडिंग बिल मुश्किल में पड़ने की संभावना
मंगलवार को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने खर्च विधेयकों के एक सेट को मंजूरी दी, जिसका उद्देश्य आंशिक शटडाउन खत्म करना और इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की जवाबदेही को लेकर द्विदलीय बातचीत के लिए समय खरीदना था। द वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, अगर समय रहते सहमति नहीं बनती, तो 14 फरवरी को DHS के साथ-साथ ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) और फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) भी बंद हो सकते थे।
वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, आईसीई और अन्य आव्रजन से जुड़ी गतिविधियां पिछले साल पारित रिपब्लिकन कर और खर्च कानून के तहत होमलैंड सिक्योरिटी के लिए आवंटित 170 अरब डॉलर के सहारे चल रही थीं। इस बीच, हाउस माइनॉरिटी लीडर हकीम जेफ्रीज ने कहा कि ICE और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग को बड़े बदलाव करने होंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो पूरे साल का फंडिंग बिल मुश्किल में पड़ जाएगा।
खर्च विधेयक पर 217-214 से हुआ मतदान
खर्च विधेयक पर प्रतिनिधि सभा में मतदान 217-214 से हुआ। हाउस डेमोक्रेट्स ने स्पीकर माइक जॉनसन को प्रक्रिया शुरू कराने में सहयोग न करने की बात कही, हालांकि 21 डेमोक्रेट्स ने अंतिम बिल के पक्ष में वोट दिया। वहीं, 21 रिपब्लिकन सांसदों ने भी इसके खिलाफ मतदान किया।
बिल पर हस्ताक्षर के बाद ट्रंप ने हाउस स्पीकर जॉनसन की सराहना करते हुए कहा कि स्पीकर माइक जॉनसन ने शानदार काम किया है। हम इसकी सराहना करते हैं। जॉनसन ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि रिपब्लिकन ने काम पूरा कर लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले सप्ताह DHS का शटडाउन टाला जा सकेगा और कहा कि यह फंडिंग से खेलने का समय नहीं है। हम अगले 10 दिनों में अच्छे विश्वास के साथ बातचीत की उम्मीद करते हैं।
इस तरह, सरकार फिलहाल फिर से खुल गई है, लेकिन होमलैंड सिक्योरिटी की फंडिंग को लेकर आने वाले दिनों में सियासी खींचतान जारी रहने की आशंका बनी हुई है।
