सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Corporate ›   Tata Sons listing in public interest; have faith in govt says Shapoorji Pallonji Mistry

टाटा संस की लिस्टिंग पर गहराया विवाद: एसपी मिस्त्री ने उठाई ये मांग, जरूरी सवालों के जवाब से समझें पूरा मामला

बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Kumar Vivek Updated Fri, 10 Apr 2026 05:29 PM IST
विज्ञापन
सार

Tata Sons Listing Row: टाटा समूह में शेयरधारक शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप ने टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट करने की वकालत की है। उन्होंने इस बारे में कॉरपोरेट गवर्नेंस और जनहित का तर्क दिया है। वहीं दूसरी ओर टाटा ट्रस्ट्स के नेतृत्व के बीच इस फैसले को लेकर गहरा मतभेद सामने आया है। इस मामले से जुड़े जरूरी सवालों के जवाब से समझें पूरा मामला।

Tata Sons listing in public interest; have faith in govt says Shapoorji Pallonji Mistry
टाटा संस की लिस्टिंग - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन

विस्तार

टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के पब्लिक लिस्टिंग का मुद्दा एक बार फिर गहरा गया है। शापूरजी पल्लोनजी (एसपी) ग्रुप के चेयरमैन शापूरजी पल्लोनजी मिस्त्री ने पारदर्शी कॉरपोरेट गवर्नेंस का हवाला देते हुए टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग को समय की एक महत्वपूर्ण जरूरत बताया है। एसपी ग्रुप की इस मांग ने कॉरपोरेट और वित्तीय जगत में नई चर्चा छेड़ दी है। 

Trending Videos


आइए इस पूरे विवाद और इसके व्यावसायिक पहलुओं को सवालों और जवाबों के जरिए आसान भाषा में समझते हैं।

सवाल: शापूरजी पलोनजी मिस्त्री की मुख्य मांग क्या है और क्यों?

जवाब: एसपी ग्रुप के चेयरमैन शापूरजी पल्लोनजी मिस्त्री लगातार यह मांग कर रहे हैं कि टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट किया जाए। टाटा संस में एसपी परिवार की लगभग 18.37 प्रतिशत हिस्सेदारी है। मिस्त्री का स्पष्ट तौर पर मानना है कि यह लिस्टिंग महज एक नियामक अनुपालन (रेगुलेटरी कंप्लायंस) नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक हित में एक आवश्यक क्रमिक विकास है। उनका तर्क है कि शेयर बाजार में लिस्टिंग से टाटा समूह के भीतर पारदर्शिता, शासन (गवर्नेंस) और जवाबदेही और अधिक मजबूत होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

सवाल: क्या इस लिस्टिंग से टाटा ट्रस्ट्स या उसके सामाजिक कार्यों को कोई नुकसान होगा?

जवाब: शापूरजी पल्लोनजी मिस्त्री के अनुसार, टाटा संस की ओर से आज तक ऐसा कोई भी स्पष्ट और तथ्य-आधारित प्रमाण सामने नहीं रखा गया है जिससे यह साबित हो सके कि पब्लिक लिस्टिंग से टाटा ट्रस्ट्स के हितों को कोई नुकसान पहुंचेगा या लाभार्थियों की सेवा करने की उनकी क्षमता किसी भी रूप में कम होगी। इसके विपरीत, मिस्त्री का मानना है कि लिस्टिंग से टाटा ट्रस्ट्स के लिए एक अधिक स्पष्ट और मजबूत डिविडेंड (लाभांश) स्ट्रीम तैयार होगी, जिससे देश के सबसे गरीब तबकों को फायदा पहुंचाने वाले उनके सामाजिक और परोपकारी कार्यों का दायरा और भी व्यापक होगा। 

सवाल: इस लिस्टिंग को लेकर टाटा ग्रुप के भीतर कैसा रुख है?

जवाब: टाटा संस में 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट्स के ट्रस्टियों के बीच इस मुद्दे पर मतभेद की खबरें हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टाटा ट्रस्ट्स के दो ट्रस्टी, वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह, टाटा संस की पब्लिक लिस्टिंग के पक्ष में हैं, जबकि टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा इस कदम के सख्त खिलाफ हैं। इसी आपसी खींचतान और विवाद के बीच पिछले साल अक्तूबर में भी मिस्त्री ने पारदर्शिता लाने के लिए लिस्टिंग की मांग उठाई थी।


जानकारों के अनुसार इसके पीछे ट्रस्ट्स की ओर से जो तर्क दिए जाते हैं वे ये हैं-

1. परोपकारी कार्यों पर प्रभाव
टाटा ट्रस्ट्स मुख्य रूप से टाटा संस से मिलने वाले डिविडेंड (लाभांश) पर निर्भर हैं, जिसका इस्तेमाल वे देश भर में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक कार्यों के लिए करते हैं। ट्रस्ट्स का तर्क है कि पब्लिक लिस्टिंग से शेयर बाजार का उतार-चढ़ाव कंपनी के फैसलों को प्रभावित करेगा। बाजार की अस्थिरता और सख्त नियमों के कारण डिविडेंड की निरंतरता पर असर पड़ सकता है, जिससे उनके परोपकारी कार्यों की फंडिंग खतरे में आ सकती है।

2. लंबी अवधि का विजन बनाम शॉर्ट-टर्म प्रॉफिट
शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियों पर निवेशकों और विश्लेषकों की तरफ से हर तिमाहीबेहतर नतीजे और मुनाफा दिखाने का भारी दबाव होता है। टाटा ट्रस्ट्स का तर्क है कि टाटा ग्रुप हमेशा से लंबी अवधि की सोच और राष्ट्र-निर्माण के विजन के साथ काम करता आया है। लिस्टिंग से कंपनी को शॉर्ट-टर्म मुनाफे के दबाव में काम करना पड़ सकता है, जो टाटा के मूल सिद्धांतों और 100 साल पुरानी संस्कृति के खिलाफ है।

3. स्वायत्तता और नियंत्रण खोने की चिंता
वर्तमान में टाटा संस एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह काम करती है, जिस पर ट्रस्ट्स का सीधा और मजबूत नियंत्रण है। ट्रस्ट्स को लगता है कि पब्लिक लिस्टिंग के बाद:

  • नए पब्लिक शेयरहोल्डर्स और संस्थागत निवेशकों का दखल बढ़ेगा।
  • सेबी के कड़े गवर्नेंस और डिस्क्लोजर नियम लागू होंगे।
  • बोर्ड में फैसले लेने की उनकी स्वायत्तता कमजोर हो जाएगी।

4. पूंजी जुटाने की कोई आवश्यकता नहीं 
आमतौर पर कंपनियां बाजार से पैसा जुटाने के लिए अपना आईपीओ लाती हैं। टाटा संस का मजबूत तर्क यह है कि उनके पास पर्याप्त कैश रिज़र्व है और उन्हें पब्लिक से पैसे जुटाने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसी तर्क को साबित करने के लिए टाटा संस ने हाल ही में अपने ऊपर बकाया हजारों करोड़ का कर्ज चुका कर खुद को जीरो-डेट कंपनी बना लिया है। उनका कहना है कि वे ग्रुप कंपनियों की भविष्य की फंडिंग अपने आंतरिक फंड से ही कर सकते हैं।

5. अघोषित कारण: शापूरजी पलोनजी ग्रुप का एग्जिट
हालांकि यह सार्वजनिक रूप से आधिकारिक तर्क नहीं है, लेकिन बाजार विश्लेषकों के अनुसार टाटा ट्रस्ट्स का विरोध शापूरजी पलोनजी ग्रुप से भी जुड़ा है। एसपी ग्रुप के पास टाटा संस में 18.37% की हिस्सेदारी है और वे लंबे समय से लिस्टिंग की मांग कर रहे हैं ताकि उनकी हिस्सेदारी की असली वैल्यू (करीब पांच से आठ लाख करोड़ रुपये का अनुमान) अनलॉक हो सके और उन्हें भारी कर्ज से उबरने के लिए एक आसान एग्जिट मिल जाए। जानकारों के मुताबिक ट्रस्ट्स इस वैल्युएशन को सार्वजनिक बाजार में अनलॉक करने को लेकर सहज नहीं रहे हैं।

सवाल: इस मामले में भारतीय रिजर्व बैंक के नियम क्या कहते हैं?

जवाब: भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के ढांचे के तहत, टाटा संस 'अपर-लेयर गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी' (एनबीएफसी) की श्रेणी में आती है, जिसके लिए पब्लिक लिस्टिंग करना अनिवार्य शर्त है। मिस्त्री ने इसी का हवाला देते हुए कहा है कि विश्वास और सत्यनिष्ठा पर बने टाटा समूह को आरबीआई की ओर से अनिवार्य लिस्टिंग के अनुपालन से और मजबूती मिलेगी। एसपी ग्रुप इस मामले में एक निर्णायक दिशा-निर्देश के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से अपेक्षा कर रहा है। मिस्त्री ने इस विषय पर भारत सरकार और आरबीआई की ओर से निर्णायक कदम उठाए जाने पर भरोसा जताया है।

सवाल: लिस्टिंग से आम शेयरधारकों और खुद एसपी ग्रुप को क्या फायदा मिल सकता है?

जवाब: एसपी ग्रुप के चेयरमैन का मानना है कि टाटा संस की लिस्टिंग बुनियादी तौर पर जनहित में है, क्योंकि सार्वजनिक रूप से लिस्टेड होल्डिंग कंपनी होने से बोर्ड की जवाबदेही बढ़ती है, निवेशकों का आधार व्यापक होता है और सभी हितधारकों के लिए लंबी अवधि का मूल्य सुरक्षित होता है। यह कदम लाखों रिटेल शेयरधारकों (आम निवेशकों) के लिए वैल्यू अनलॉक करेगा। इसके साथ ही, एसपी ग्रुप अपनी ऋण अदायगी (कर्ज कम करने) और धन जुटाने के लिए टाटा संस में अपनी हिस्सेदारी का लाभ उठाने की संभावनाएं भी तलाश रहा है।

इस पूरी प्रक्रिया और बहस के बीच, एसपी ग्रुप ने साफ किया है कि इस मसले पर जल्द से जल्द एक सौहार्दपूर्ण समाधान तक पहुंचने के लिए टाटा संस के नेतृत्व के साथ लगातार बातचीत हो रही है। अब बाजार और कॉरपोरेट जगत की नजरें आरबीआई के रुख और टाटा संस के अगले कदम पर टिकी हैं।

इस बीच, टाटा संस के चेयरमैन ने कर्मचारियों से टाउनहॉल में क्या कहा?

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने शुक्रवार को एयर इंडिया के कर्मचारियों के लिए आयोजित टाउनहॉल में बोलते हुए स्वीकार किया कि एयरलाइन एक चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही है। उन्होंने कर्मचारियों से क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित करने और ईमानदारी से जुड़े रहने की अपील की। चंद्रशेखरन ने कहा, “हमारा भविष्य उज्ज्वल है और हमने अपनी महत्वाकांक्षाओं की ठोस नींव रखी है, फिर भी हम एक चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं, जिसका प्रभाव एयरलाइन उद्योग में सबसे अधिक दिखाई दे रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “अभी महत्वपूर्ण है क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित किया जाए। हमारा ध्यान उन चीजों पर होना चाहिए जो हमारे नियंत्रण में हैं, जहां हम सुधार कर सकते हैं, लागतों पर सटीक नियंत्रण रखना चाहिए और स्थिति की वास्तविकता से जुड़े रहना चाहिए।” चंद्रशेखरन ने कर्मचारियों को किए जा रहे कार्यों पर गर्व करने की सलाह दी।
 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed