43 डिग्री का ताप: चंडीगढ़ में सरकारी स्कूलों में 23 से 30 जून तक छुट्टियां, बिजली की मांग पहुंची 414 मेगावाट
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार ट्राइसिटी में भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो चुका है। अगले 7 दिनों तक लगातार जारी रहने की आशंका है। 24 मई को इस हफ्ते का सबसे गर्म दिन हो सकता है जबकि तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड स्तर को छू सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जिससे बिजली की खपत भी एकदम से बढ़ गई है। मई के दौरान अब तक की बिजली की सबसे रिकाॅर्ड खपत 414 मेगावाट 19 मई को दर्ज की गई।
इसकी वजह है कि चंडीगढ़ में एयर कंडीशंड, कूलर सबसे ज्यादा चलने लगे हैं। 16 मई को डिमांड 307 मेगावाट दर्ज की गई थी जबकि 17 मई को यह 326 मेगावाट और 18 मई को 386 मेगावाट रही। सीपीडीएल के अधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार से डिमांड बढ़ी है उसके अनुसार सप्लाई दी जा रही है।
मंगलवार को 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। 20 मई को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 21 से 23 मई तक लू का प्रकोप बढ़ेगा जिससे पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
एक हफ्ते शुष्क रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक चंडीगढ़ में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा। कुछ स्थानों पर धूल भरी तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने सीवियर हीट वेव (तीव्र लू) की चेतावनी जारी की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।
तपती दोपहर ने रोकी बाजार की रौनक
भीषण गर्मी के बावजूद डिलीवरी बॉय रोजीरोटी के लिए कड़ी धूप में लगातार काम कर रहे हैं। तेज गर्मी से बचाव के लिए वे अपने साथ पानी की बोतल लेकर घर-घर सामान पहुंचा रहे हैं। वहीं, शहर की प्रमुख मार्केटों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। आमतौर पर चहल-पहल से भरे रहने वाले बाजार इन दिनों ग्राहकों की कमी से जूझ रहे हैं।
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण दुकानदारों का कारोबार लगभग आधा रह गया है। खासकर दोपहर के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या बेहद कम हो जाती है। गर्मी का असर केवल लोगों पर ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है। उन्हें राहत देने के लिए शहर में कई स्थानों पर स्प्रिंकलर और पानी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि भीषण गर्मी में उन्हें कुछ राहत मिल सके।
सरकारी स्कूल 23 से बंद 30 जून तक बंद
भीषण गर्मी को देखते हुए सरकारी स्कूलों में 23 मई से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। सरकारी स्कूल 23 मई से 30 जून तक बंद रहेंगे। इसके बाद 1 जुलाई से स्कूलों में दोबारा पढ़ाई शुरू होगी और विद्यार्थी नियमित रूप से कक्षाओं में पहुंचेंगे। छुट्टियों के दौरान शिक्षक पूरी तरह अवकाश पर नहीं रहेंगे। स्कूल खुलने से पहले 29 और 30 जून को शिक्षकों की स्कूलों में ड्यूटी रहेगी। इस दौरान नए सत्र की तैयारियां, रिकॉर्ड का काम और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी।
गर्मी के चलते सभी निजी स्कूल में समान रूप से हों छुट्टियां
बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए बाल अधिकार संरक्षण आयोग (सीसीपीसीआर) ने शिक्षा विभाग को एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में विभाग को निर्देश दिए गए है कि वह चंडीगढ़ के सभी निजी स्कूलों को लेटर जारी करें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे 23 मई से 30 जून तक गर्मियों की छुट्टियां एक समान रूप से मनाएं। यह सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए पहले से अधिसूचित कार्यक्रम के अनुरूप होना चाहिए। भीषण लू की स्थिति पर अध्यक्ष शिप्रा बंसल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और भलाई सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
ऐसे बढ़ी बिजली की डिमांड
डिमांड पारा
मई 19 414 मेगावाट 43.3 डिग्री सेल्सियस
मई 18 386 मेगावाट 40.3 डिग्री सेल्सियस
मई 17 326 मेगावाट 39.0 डिग्री सेल्सियस
मई 16 307 मेगावाट 37.9 डिग्री सेल्सियस
मई 15 320 मेगावाट 37.7 डिग्री सेल्सियस
मई 14 313 मेगावाट 38.1 डिग्री सेल्सियस
मई 13 323 मेगावाट 38.6 डिग्री सेल्सियस