सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Chandigarh severe heatwave Mercury hits 42.1°C PGI blood bank staff shivering from cold

भीषण लू की चपेट में चंडीगढ़: पारा 42.1 डिग्री पहुंचा, पीजीआई के ब्लड बैंक में ठंड से कांप रहे कर्मचारी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: Nivedita Updated Wed, 10 Jun 2026 10:55 AM IST
विज्ञापन
सार

मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार 10 जून को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। 11 जून से 14 जून के बीच चंडीगढ़ में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं व बारिश होने की प्रबल संभावना है।

Chandigarh severe heatwave Mercury hits 42.1°C PGI blood bank staff shivering from cold
तेज धूप से अपने बच्चे को बचाता व्यक्ति - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं।


चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि राहत की खबर यह है कि 11 जून से मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है।

पीजीआई के ब्लड बैंक कर्मी ठिठुर रहे

जहां बाहर 42 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी लोगों को झुलसा रही है लेकिन पीजीआई के ब्लड बैंक में हालात बिल्कुल उलट हैं। यहां कर्मचारी गर्मी नहीं बल्कि ठंड से परेशान हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


एसी की इतनी तेज और लगातार ठंडी हवा चल रही है कि कुछ कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान जैकेट पहननी पड़ रही है जबकि कई ने अपने कार्यस्थल पर छतरी लगाकर खुद को सीधे ठंडे झोंकों से बचाने का इंतजाम किया है। कर्मचारियों का कहना है कि अत्यधिक कम तापमान उनके स्वास्थ्य और कामकाज दोनों को प्रभावित कर रहा है। इस संबंध में उन्होंने पीजीआई प्रशासन को लिखित शिकायत भेजकर तापमान नियंत्रित करने और कार्यस्थल को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
विज्ञापन
Trending Videos


पीजीआई के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग (ब्लड बैंक) में कार्यरत कर्मचारियों ने विभागाध्यक्ष और प्रशासन के समक्ष अनोखी लेकिन गंभीर समस्या उठाई है। कर्मचारियों का आरोप है कि लैब का तापमान लगातार 17 से 18 डिग्री सेल्सियस पर रखा जा रहा है जबकि बाहर का तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच है। 

शिकायत में कहा गया है कि अत्यधिक तापमान अंतर के कारण कर्मचारियों को बार-बार सर्दी, खांसी, गले में खराश और अन्य श्वसन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारी वायरल संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। रात की ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को जैकेट पहनकर काम करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि रिसेप्शन क्षेत्र में एसी सीधे कार्यस्थल के ऊपर लगा हुआ है। इससे वहां बैठने वाले कर्मचारी को सिरदर्द, गर्दन में जकड़न और शरीर में दर्द की शिकायत रहती है। कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार विभागाध्यक्ष को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

रिनोवेशन के बाद बढ़ी परेशानी

कर्मचारियों के अनुसार कुछ समय पहले विभाग में रिनोवेशन के दौरान सेंट्रलाइज्ड एसी सिस्टम लगाया गया था। पहले अलग-अलग हिस्सों में तापमान को जरूरत के अनुसार नियंत्रित किया जा सकता था लेकिन अब पूरा सिस्टम केंद्रीकृत हो गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि तापमान कम होने पर कई बार ऑपरेटर को शिकायत की जाती है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। 

सबसे ज्यादा परेशानी नाइट ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि रात में ठंड बढ़ने पर जब ऑपरेटर से तापमान बढ़ाने को कहा जाता है तो जवाब मिलता है कि विभाग प्रमुख के निर्देश के बिना कोई बदलाव नहीं किया जा सकता। ऐसे में कर्मचारियों को पूरी रात ठंड में कांपते हुए ड्यूटी करना पड़ रहा है।

ब्लड बैंक की तकनीकी बिंदुओं को चेक करवाकर कर्मचारियों की समस्या का समाधान जल्द से जल्द करने का प्रयास किया जाएगा। - पीजीआई प्रवक्ता
 

11 से 14 जून तक बदलेगा माैसम

मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार 10 जून को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। 11 जून से 14 जून के बीच चंडीगढ़ में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं व बारिश होने की प्रबल संभावना है। बारिश के चलते 12 और 13 जून को अधिकतम तापमान गिरकर 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जिससे तपती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। विभाग ने चंडीगढ़ के लिए 12 और 13 जून को 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज तूफानी हवाओं, आसमानी बिजली और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 

चंडीगढ़ में सर्वकालिक ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बात करें तो मई 2024 और जून 2024 के दौरान चंडीगढ़ ने इतिहास की सबसे भीषण गर्मी देखी थी। उस समय पारा 46.7 डिग्री सेल्सियस के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया था, जिसने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।

पिछले 5 वर्षों में 9 जून का तापमान

चंडीगढ़ में जून के महीने में ऐतिहासिक रूप से भीषण गर्मी पड़ती रही है। पिछले कुछ वर्षों में 9 जून के आंकड़ों को देखें तो चंडीगढ़ का पारा लगातार 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया है।

9 जून 2025 : 41.5° सेल्सियस
9 जून 2024 : 43.8°सेल्सियस
9 जून 2023 : 39.2°सेल्सियस
9 जून 2022 : 44.0°सेल्सियस
9 जून 2021 : 40.6°सेल्सियस
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed